उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारी सम्मान के हैं हकदार – मंत्री डॉ. मिश्रा

 भोपाल

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि बेहतर कार्य करते हुए उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले अधिकारियों का सम्मान होना ही चाहिये। ऐसे अधिकारी सम्मान के सही हकदार हैं। डॉ. मिश्रा ने बताया कि पुलिस विभाग में सम्पूर्ण सेवा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले निरीक्षकों को राज्य शासन द्वारा सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 38 निरीक्षकों को मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किये जाने के आदेश जारी कर दिये गये हैं। इससे बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा। उप पुलिस अधीक्षक का पद उन्हें गौरवान्वित करेगा।

अपर सचिव, गृह डॉ. राजेश राजौरा ने बताया है कि पुलिस रेग्युलेशन एक्ट-1861 के नियम-45 अनुसार निरीक्षक/समकक्ष संवर्ग में सेवा अवधि में 6 माह से कम अवधि शेष रहने तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्ति दिये जाने का प्रावधान हैं। राज्य शासन ने ऐसे 38 अधिकारियों के मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिये हैं। इन अधिकारियों को वेतन एवं भत्ते निरीक्षक के पद अनुसार ही प्राप्त होंगे, लेकिन वे उप पुलिस अधीक्षक का गणवेश धारित कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *