अयोध्या के राम संग्रहालय में बनेगा ओडीओपी म्यूजियम

अयोध्या

योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट “वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्ट” (ओडीओपी) का म्यूजियम रामनगरी अयोध्या में बनेगा। यह ओडीओपी म्यूजियम रामकथा संग्रहालय का हिस्सा बनेगा। रामकथा संग्रहालय में ही ओडीओपी के उत्पादों को रखा जाएगा। ओडीओपी उत्पादों का संग्रहालय बनने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु प्रदेश की इन लोकप्रिय उत्पादों की खासियतों से वाकिफ होंगे। संग्रहालय बन जाने से देश-विदेश में इन उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और कारीगरों की कमाई बढ़ेगी। अपर मुख्य सचिव डा. नवनीत सहगल का कहना है कि इस म्यूजियम से ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक प्रचार मिलेगा। संग्रहालय के बाहर उत्पादों की बिक्री का प्रबंध भी किया जाएगा। संग्रहालय में ओडीओपी उत्पादों की ऑनलाइन खरीद का पूरा विवरण भी रखा जाएगा।

सहगल के मुताबिक अयोध्या में ओडीओपी म्यूजियम बन जाने पर प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर भी इस तरह के संग्रहालय बनाने पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से ओडीओपी उत्पादों की मांग विदेशों में होने लगी है। प्रदेश से होने वाले कुल निर्यात में सबसे अधिक हिस्सेदारी ओडीओपी उत्पादों की हो गई है। भारत सरकार भी इस योजना से प्रभावित है। अब तो विदेशी अतिथियों को गिफ्ट में ओडीओपी उत्पाद देने का चलन भी शुरू कर दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *