कर्नाटक : ‘1 हजार मोदी आएं तो भी…’ योगी मॉडल पर कुमारस्वामी का पलटवार

बेंगलुरु
कर्नाटक में हत्या की घटनाओं से तनाव है। इसी बीच जनता दल (सेक्युलर) ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के 'योगी मॉडल' की बात पर पलटवार किया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि ऐसा होता है, तो भाजपा को प्रदेश से उखाड़ कर बाहर फेंक दिया जाएगा। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेतारू की हत्या हो गई थी। कुमारस्वामी ने भाजपा को राज्य के लिए आपदा बताया है। साथ ही उन्होंने कहा, 'अगर एक हजार मोदी भी कर्नाटक आ जाएंगे, तो उनका मॉडल काम नहीं करने वाला।' उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी बुलडोजर की खबरों का भी जिक्र किया और सरकार को चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा, 'अगर वे उस कल्चर को कर्नाटक में लेकर आएंगे, तो भाजपा को राज्य से उखाड़कर बाहर फेंक दिया जाएगा।'

क्या है 'योगी मॉडल' का मामला
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने गुरुवार को कहा कि अगर स्थिति की मांग हुई तो उत्तर प्रदेश में चल रही सरकार के ''योगी मॉडल'' को राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे राष्ट्र विरोधी और सांप्रदायिक तत्वों से निपटने के लिए अपनाया जा सकता है। बोम्मई ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के तौर पर एक साल का कार्यकाल पूरा किया। इस मौके पर उन्होंने अपनी सरकार को सौ में से पूरे सौ अंक दिए।  

मुख्यमंत्री ने कहा, 'उत्तर प्रदेश की स्थिति को देखते हुए, योगी (आदित्यनाथ) सही मुख्यमंत्री हैं। इसी प्रकार कर्नाटक में स्थिति से निपटने के लिए अलग तरीके हैं और उन सभी का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर स्थिति की मांग होगी तो कर्नाटक में भी सरकार के योगी मॉडल को अपनाया जाएगा।' दक्षिण कन्नड़ जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक सदस्य की हत्या के बाद भाजपा  और संघ परिवार (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और उससे जुड़े संगठन) के कुछ घटकों द्वारा कर्नाटक में सरकार का 'योगी मॉडल' लागू करने की मांग की जा रही है। बोम्मई इसी संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *