सीएम केजरीवाल बोले – दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाने के लिए 4 अगस्त को जुटेंगे हजारों बच्चे

नई दिल्ली
इस साल 15 अगस्त 2022 को देश को आजाद हुए 75 साल हो जाएंगे। इस दौरान देश आजादी का अमृत महोत्सव (Azadi Ka Amrit Mahotsav) मना रहा है। ऐसे में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Dehli CM Arvind Kejriwal) ने घोषणा की है कि 4 अगस्त को हम एक नया इतिहास रचेंगे। इस दिन दुनिया का सबसे बड़ा झंडा बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। गुरुवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पूरा देश आजादी के 75 साल को सेलिब्रेट कर रहा है। 4 अगस्त को देश भर से बच्चे दिल्ली में इकट्ठा होकर दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे।"

विकास के लिए एकता जरूरी- केजरीवाल
भारत के विकास के रास्ते में एकता को प्रमुख बताते हुए उन्होंने कहा, "75 साल पहले हम अंग्रेजों को भगाने के लिए एकजुट हुए थे। अब हम भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए फिर से एकजुट होंगे, लेकिन इसके लिए सभी को साथ आना होगा।" केजरीवाल ने कहा, आजादी का अमृत महोत्सव, स्वतंत्रता के 75 साल, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए भारत सरकार की एक अच्छी पहल है। यह महोत्सव भारत के लोगों को समर्पित है, जिन्होंने न केवल भारत को आजादी दिलाई। बल्कि विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

'आत्मनिर्भर भारत की सोच काबिले तारीफ'
उन्होंने कहा, "75 साल में कई देश हमें पछाड़ चुके हैं, जबकि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है। अगर हमें प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना है तो विकास के रास्ते से हमें इन राजनीतिक दलों और नेताओं को अलग रखना चाहिए। उन्होंने कहा, लोगों के भीतर शक्ति और क्षमता जागने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की सोच काबिले तारीफ है। बता दें कि 12 मार्च 2021 से आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। यह कार्यक्रम 15 अगस्त 2023 को समाप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *