हर वर्ष मनाया जायेगा अटेर उत्सव : सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया

भोपाल
सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा है कि अब हर वर्ष अटेर उत्सव मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार ओरछा उत्सव सहित अन्य उत्सवों की शुरूआत हुई है, उसी प्रकार संस्कृति विभाग द्वारा अटेर उत्सव भी प्रतिवर्ष मनाया जायेगा। इस वर्ष 27-28 नवम्बर को अटेर उत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें जन-भागीदारी को जोड़ा जायेगा। सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने भिण्ड में मीडिया प्रतिनिधियों से अनौपचारिक चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।

सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने अटेर उत्सव के उनके आग्रह को स्वीकार किया। इसके लिये क्षेत्र की जनता की ओर से उनका ह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि अटेर उत्सव के लिये उनके द्वारा पिछले वर्षों से पहल की जा रही थी। अटेर के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिये अटेर उत्सव में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियाँ की जायेगी। अटेर की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर के संरक्षण का कार्य भी होगा। राज्य सरकार के सांस्कृतिक आयोजन के कैलेण्डर में अटेर उत्सव को सम्मिलित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *