खुद को जिंदा साबित करने के लिए गले में तख्ती लटका DM ऑफिस पहुंचे 6 बुजुर्ग, बोले- ‘साहब अभी में जिंदा हूं’
महोबा
सरकारी फाइलों में खुद को जिंदा साबित करने के लिए छह बुजुर्ग गले में तख्ती लटकाकर 26 जुलाई को महोबा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। बुजुर्गों की तख्तियों पर लिखा था, 'साहब अभी में जिंदा हूं'। दरअसल, सभी बुजुर्ग खुद को जिंदा साबित करने की गुहार लेकर डीएम ऑफिस पहुंचे थे। आपको बता दें कि सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी के चलते इन छह बुजुर्गों को कागजों में मृत घोषित कर दिया गया है। सरकारी कागजों में मृत दिखाए जाने के बाद इन्हें पिछले डेढ़ वर्षों से वृद्धा पेंशन नहीं मिल पा रही है।
नहीं दी रिश्वत, इसलिए घोषित किया मृत डीएम कार्यालय पहुंचे बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि पूर्व सचिव ने रिश्वत न देने पर सरकारी कागजों में उन्हें मृत दर्शा दिया, जिससे उन्हें मिलने वाली वृद्धा पेंशन रुक गई। पेंशन रुकने और आर्थिक तंगी से परेशान सभी गरीबी वृद्धों ने डीएम से मामले की शिकायत की है। आपको बता दें कि यह पूरा मामला महोबा तहसील क्षेत्र के ग्राम पचपहरा का है।
