Nishank Rathore Death Case: एसआईटी ने शुरू की जांच, पुलिस ने तैयार किया मिनट टू मिनट चार्ट

भोपाल
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बीटेक स्टूडेंट निशांक राठौर की मौत के मामले में गठित एसआईटी ने तफ्तीश शुरू कर दी है. मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के निर्देश के बाद छात्र की संदिग्ध मौत के कारणों की जांच के लिए एसआईटी बनाई है. रायसेन एएसपी अमृत मीना के नेतृत्व में एसआईटी में एक एसडीओपी और दो इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं. रविवार को निशांक राठौर का शव रेल की पटरी पर मिला था. मौत से कुछ ही मिनट पहले उसके मोबाइल फोन से उसके पिता को ‘धड़ से सर अलग करने’ का एक मैसेज भी भेजा गया था.

इंजीनियरिंग छात्र की मौत के दो दिन बाद मंगलवार को प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में पत्रकारों को बताया कि इंजीनियरिंग छात्र निशांक राठौर के मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच के लिए रायसेन पुलिस अधीक्षक को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं.

छात्र के मोबाइल की भी होगी जांच
गृहमंत्री ने कहा कि फिलहाल पुलिस जांच में आत्महत्या का पहलू सामने आ रहा है. विसरा को संरक्षित किया गया है. मोबाइल की भी जांच की गई है. घटना के पहले का (मृतक के मोबाइल से उसके पिता को भेजा गया) संदेश भी जांच का विषय है. एसआईटी (विशेष जांच दल) हर चीज की जांच करेगी.” यह पूछे जाने पर कि क्या निशांक ने कुछ वित्तीय लेनदेन के कारण यह कदम उठाया है, तो इस पर उन्होंने कहा, “यह भी जांच के विषय है. इसकी भी जांच एसआईटी द्वारा की जाएगी.”

मिश्रा ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने के बाद छात्र का शव कमर के नीचे से कटकर अलग हुआ है. रिपोर्ट में रिंग कटिंग आई है. उसके कमर के ऊपर कोई चोट का निशान नहीं था. बीजेपी पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा की टिप्पणी और रविवार को छात्र का शव मिलने की घटना के बीच किसी भी संबंध से इनकार करते हुए पुलिस ने मंगलवार को कहा कि परिस्थितियां आत्महत्या की ओर इशारा करती हैं, लेकिन मृतक के मोबाइल फोन से भेजे गए संदेश की जांच की जा रही है.

पुलिस ने तैयार किया मिनट टू मिनट चार्ट
पुलिस ने निशांक ठाकुर की मौत से पहले के घटनाक्रम का मिनट टू मिनट चार्ट तैयार किया है. रविवार शाम 4:08 बजे निशांक अपनी स्कूटी से भोपाल के टीटी नगर इलाके से निकलता हुआ देखा गया. फिर शाम 5:09 मिनट पर बरखेड़ा के पेट्रोल पंप पर अकेले पेट्रोल डलाते दिखा. शाम 5:44 मिनट पर पिता को वॉट्सएप पर मैसेज भेजा. शाम 5:48 बजे निशांक ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की. शाम 5:50 मिनिट पर फेसबुक पर फोटो शेयर की गई है. बरखेड़ा में जिस जगह निशांक का शव मिला उस स्थान से जीटी एक्सप्रेस शाम 6:05 बजे निकली और उसके बाद साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस 6:13 बजे उस जगह से निकली. साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रेन कटिंग की जानकारी कन्ट्रोल रूम को दी थी. इसका मतलब ये है कि निशांक शाम छह बजे तक जिंदा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी करीब छह बजे ही निशांक की मौत का समय बताया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *