सरकार ने पिछले एक साल में पेट्रोल के दाम 78 बार, डीजल के दाम 76 बार बढ़ाए: राघव चड्ढा

नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोमवार को केंद्र सरकार पर महंगाई और जरूरी सामान की बढ़ती कीमतों के मुद्दे को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दाम में 78 बार बढ़ोत्तरी की गई है जबकि डीजल के दाम में 76 बार। चड्ढा ने कहा कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर 2016 से 2022 के बीच 16 लाख करोड़ रुपए की कमाई की है। पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी से अन्य सामानों के दाम पर भी इसका असर पड़ता है। केंद्र सरकार महंगाई के मुद्दे पर संसद में चर्चा ही नहीं करना चाहती है।
 

राघव चड्ढा के पेट्रोलियम और नैचुरल गैस से जुड़े सवाल का जवाब सरकार की ओर से लिखित जवाब दिया गया है। इस जवाब को ट्विटर पर शेयर करते हुए राघव चड्ढा ने लिखा, राज्यसभा में मेरे सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने इस बात को स्वीकार किया है कि पेट्रोल और डीजल के दाम में 78 व 76 बार बढ़ोत्तरी की गई है। यह बढ़ोत्तरी पिछले एक साल में की गई है। यह दर्शाता है कि सरकार आम आदमी को लूट रही है।
 
आप सांसद ने कहा कि सरकार का राजस्व 2019-20 में 1.5 लाख करोड़ रुपए बढ़ा। जबरदस्त राजस्व बढ़ोत्तरी के बाद भी सरकार आम लोगों पर बढ़ते दाम का दबाव डाल रही है। सरकार लोगों को महंगाई से राहत नहीं दे रही है। यही नहीं राघव चड्ढा ने राज्यसभा का एक वीडियो शेयर करके लिखा संसद में विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे, विपक्ष को सत्ताधारी सरकार की तरह सम्मान दिया जाता था। मौजूदा भाजपा सरकार को अटल जी से सीखना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *