झारखंड में टूटेगी JMM या बिखरेगी BJP? दोनों दलों ने किए विधायकों की बगावत के दावे

रांची
महाराष्ट्र में अभी सियासी पारा नीचे नहीं उतरा है। इसी बीच झारखंड में भी बदलाव के बादल नजर आने लगे हैं। झारखंड में झामुमो और भाजपा ने एक-दूसरे के खिलाफ विधायकों की बगावत से जुड़ा बड़ा दावा करके सियासी तपिश बढ़ा दी है। खास बात है कि राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद राज्य में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं थी।

ताजा मामला झामुमो की प्रेस कांफ्रेंस से जुड़ा है। झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और विधायक दल के नेता से नाराज 16 विधायकों ने झामुमो से संपर्क किया है। ये विधायक अलग समूह बनाकर हेमंत सरकार को समर्थन देना चाहते हैं। इसके बाद भाजपा की ओर से विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने सवाल रखते हुए पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि डूबते जहाज की सवारी भला कौन करना चाहेगा। वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा कर दिया कि झामुमो के 21 विधायक ने बगावत कर दी है।

भाजपा के 16 विधायक समर्थन के इच्छुक झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और स्वयंभू विधायक दल के नेता से नाराज होकर उनके 16 विधायकों ने झामुमो से संपर्क किया है। ये विधायक अलग समूह बनाकर हेमंत सरकार को समर्थन देना चाहते हैं। इस पर गंभीरता से विचार हो रहा है।उन्होंने कहा कि आधिकारिक रूप से समर्थन का प्रस्ताव आने पर निर्णय लिया जाएगा। झामुमो मामले में गंभीर है, क्योंकि इस तरह के कार्यों में भाजपा को महारत हासिल है। ताजा मामला महाराष्ट्र में देखने को मिला है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *