अमरकंटक में बनेगी ध्यान कुटीर, दिसंबर तक शुरू हो जाएगा संचालन

भोपाल
मध्यप्रदेश में योग-ध्यान में रुचि रखने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार वन विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से साढ़े सात करोड़ रुपए खर्च कर अमरकंटक में ध्यान कुटीर का निर्माण करवाएगी।

 वन विभाग इन ध्यान कुटी का निर्माण पर्यटन विभाग के सहयोग से करेगा। इस संबंध में पर्यटन बोर्ड को विभाग ने तमाम जानकारी उपलब्ध करा दी है। पर्यटन विभाग ने अमरकंटक में साढ़े सात करोड़ की लागत से ध्यान कुटी निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। इसका बजट प्रावधान करते हुए इस प्रोजेक्ट को स्वीकृत किया जाएगा। इस साल दिसंबर अंत तक इसका संचालन प्रारंभ किया जाएगा। अमरकंटक के पर्यावरणीय विशेषताओं को और ग्रामीण परिवेश के आधार पर इन ध्यान कुटीरों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ संस्थाओं से प्रारंभिक कंसेप्ट प्लान तैयार करवाया गया है। प्लान अनुमोन के बाद डीपीआर और निविदा की कार्यवाही की जाएगी।

यह होगा ध्यान कुटीर में
अमरकंटक की पहाड़ियों, घाटियों के बीच जंगल के रमणीय वातावरण के बीच इन पक्की ध्यान कुटीर का निर्माण किया जाएगा। इन्हें प्राकृतिक स्वरुप में ढाला जाएगा। घास, बांस लकड़ी का उपयोग इन कुटीरों के निर्माण में किया जाएगा। इन कुटीरों में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।  ध्यान के लिए अनुकूल वातावरण यहां मुहैया कराया जाएगा। सभी कुटीरों में भक्ति संगीत, आराधना से जुड़े संगीतमय सुर लहरियों के प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। यहां योग, ध्यान के प्रशिक्षित गुरुओं के सानिध्य में पर्यटकों को योग, ध्यान कराया जाएगा।

एक माह तक रहने की व्यवस्था
अलग-अलग प्रकार के योग, सूर्य नमस्कार से लेकर अन्य रोगों में उपयोगी योग, ध्यान यहां कराए जाएंगे। जंगल के बीच वहां के प्राकृतिक वातावरण से जुड़ा भोजन, कंद-मूल, फल पर्यटकों को दिया जाएगा। यहां एक दिन से लेकर महीने भर तक रहने की व्यवस्था की जाएगी। इससे स्थानीय ग्रामीणों को भी जोड़ा जाएगा। महिला स्वसहायता समूहों के जरिए पारंपरिक भोजन और स्थानीय परिवेश से जुड़ी सुविधाएं यहां जुटाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *