स्लो ओवर-रेट के लिए भारत पर लगा जुर्माना

  नई दिल्ली

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में आयोजित पहले वनडे मुकाबले में तीन रनों से शानदार जीत हासिल की थी. अब जीत के बावजूद शिखर धवन की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल टीम इंडिया पर पहले वनडे में धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.

एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने पाया कि भारतीय टीम ने निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंका है, जिसके बाद टीम इंडिया को यह सजा सुनाई गई है. आईसीसी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी है.

बयान में कहा गया है, 'खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ से जुड़ी आईसीसी आचार संहित के नियम 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर गति के अपराध से जुड़ा है, खिलाड़ियों पर अपनी टीम के निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने के लिए उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है.'

बयान में आगे बताया गया है, 'कप्तान शिखर धवन ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा भी स्वीकार कर ली, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी. ये आरोप मैदानी अंपायर मैदानी अंपायर जोएल विल्सन और लेस्ली रीफर, तीसरे अंपायर ग्रेगरी ब्रैथवेट और चौथे अंपायर नाइजेल डुगिड ने लगाए थे.'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *