CG में आज कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी
रायपुर
पांच जिलों में रेड और 14 जिलों में यलो अलर्ट के बीच रविवार को प्रदेशभर के अलग-अलग जिलों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज सोमवार को भी प्रदेशभर के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
कुछ स्थानों पर गरच-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। प्रदेश में सबसे अधिक बीजापुर में 14 सेमी और दुर्ग में 13 सेमी. वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही बिलासपुर, धमधा, राजनांदगांव, जांजगीर, खैरागढ़, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, डौंडीलोहारा, कोरबा, पिथौरा में भी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक द्रोणिका का असर दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, जैसलमेर, कोटा, गुना, सतना, अंबिकापुर, बालासोर, और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसकी वजह से प्रदेश में 25 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा भी होने की संभावना है।
