मसूरी: अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गरजी प्रशासन की जेसीबी, इन जगहों से अवैध रूप से बनाए खोखे हटाए

मसूरी
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की ओर से मसूरी में अभ‍ियान चलाया गया। इसके तहत बाताघाट, पुराना टिहरी बस अड्डा, सिविल अस्पताल के समीप, बड़ा मोड़, किंक्रेग, मैसानिक लाज बस स्टैंड आदि स्थानों पर अवैध रूप से बनाए खोखे हटाए गए। अवैध अतिक्रमण हटाने में तीन जेसीबी की मदद ली गई। इस अभियान के दौरान एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल, सीओ मसूरी, नगर पालिका ईओ यूडी तिवारी, नगर अभियंता रमेश बिष्ट आदि भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

एमडीडीए में ओटीएस लागू, वैध कराएं अवैध निर्माण
देहरादून: दूनवासी अब अपने अवैध भवन को नियमों में ढील के साथ वैध बना सकेंगे। राज्य सरकार की कैबिनेट के निर्णय के बाद शासन ने भी वन टाइम सेटेलमेंट स्कीम (ओटीएस) की अवधि बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने भी ओटीएस के तहत नक्शे स्वीकार करने शुरू कर दिए हैं। ओटीएस को वर्ष 2021 को लागू किया गया था। हालांकि, कोरोना संक्रमण और फिर विधानसभा चुनाव के चलते स्कीम में प्राप्त आवेदनों की संख्या बेहद कम रही। यही कारण है कि ओटीएस को मार्च 2022 तक बढ़ाने के बाद भी इसका अपेक्षित लाभ जनता को नहीं मिल पाया।

वहीं, मांग उठने लगी थी कि स्कीम को कुछ माह और बढ़ाया जाना चाहिए। क्योंकि, दून में 28 हजार से अधिक अवैध निर्माण चिह्नित होने के बाद भी करीब तीन हजार के आसपास आवेदन ही एमडीडीए को मिल पाए। अब अच्छी बात यह है कि शासन ने स्कीम को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बीके संत के मुताबिक सभी अभियंताओं को ओटीएस के आवेदनों पर गंभीरता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *