मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा हम पहले भी शिखर पर थे, अब भी होंगे

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लोग जो सोचते नहीं हैं, बीजेपी वह लोगों के आशिर्वाद से करके दिखाती है। हम पहले भी शिखर पर थे, अब भी शिखर पर होंगे। हम शिखर पर कोई अभिमान के कारण नहीं, सेवा के कारण हैं। जनता की सेवा करने के लिए हम नगर पालिका, नगर निगम, जिला पंचायत में बीजेपी जीते, यह प्रयत्न कर रहे हैं। सीएम चौहान ने कहा है कि जनता की सेवा के लिए लोगों से सेवक चुनने का आग्रह करते हैं। भाजपा के प्रत्याशी सेवक के रूप में काम करते हैं। अगर बीजेपी के लोग चुनकर आएंगे तो विकास कार्यों में किसी तरह की अड़चन नहीं आएगी। अब तक जो स्थिति है उससे साफ दिख रहा है कि लोग नगर सरकार के लिए घरों से तेजी से निकल रहे हैं और अपने मत का उपयोग कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सीएम चौहान ने कहा कि हमने तय किया है कि कोई गरीब एमपी में जमीन के टुकड़े के बिना नहीं रहेगा। इसलिए भू अधिकार आवासीय योजना के जरिये भूखंड दे रहे हैं। अवैध और नए कब्जे नहीं होने देंगे। कुछ लोगों को मल्टी स्टोरी में फ्लैट बनाकर देंगे और दूसरे ऐसे लोग जहां वह रह रहे हैं, उन्हें वहीं जमीन देंगे। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में कोई पढ़ाई से वंचित नहीं रहे, इसके लिए भी संबल योजना के जरिये काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि एमपी में नगरीय निकाय चुनाव के जरिये लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है।  चौहान ने कहा कि कश्मीर को देश में सम्पूर्ण विलय के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था। भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने कश्मीर में दो निशान, दो विधान अब नहीं हैं। कश्मीर में भी वही व्यवस्था लागू हुई है जो देश के अन्य हिस्सों में है।

परिवारवाद पर विकासवाद हावी: शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि देश में परिवारवाद पर विकासवाद हावी हो रहा है और विकास के लिए लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों में जिस तरह से भीड़ उमड़ी है, उससे साफ है कि लोग भाजपा के समर्थन में वोटिंग कर रहे हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो विकास के लिए काम करती है और लोग बीजेपी के लिए ही वोटिंग करने निकले हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *