शशि थरूर ने टीएमसी सांसद के समर्थन में किया ट्वीट, मोइत्रा ने वही कहा जो हर हिंदू जानता है

नई दिल्ली
डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के बयान का हर तरफ विरोध हो रहा है। महुआ मोइत्रा ने कहा था- मेरे लिए काली मांस और शराब स्वीकार करने वाली देवी है। आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियां भी उनकी निंदा कर रही हैं। लेकिन इस बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का समर्थन किया है। शशि थरूर ने ट्वीट कर कहा कि महुआ मोइत्रा ने वही कहा जो हर हिंदू जानता है। महुआ मोइत्रा के समर्थन में शशि थरूर ने लिखा कि महुआ पर हो रहे हमलों ने मुझे अचंभे में डाल दिया है। ये हमले वह चीज कहने के लिए हो रहे हैं जो कि हर हिंदू जानता है। हिंदू जानते हैं कि हमारी पूजा का तरीका देश के अलग-अलग हिस्सों में एक जैसा नहीं है। देवी को कोई क्या चढ़ाता है, यह देवी से ज्यादा भक्त के बारे में बताता है। शशि थरूर ने आगे कहा कि हम ऐसी स्थिति पर पहुंच चुके हैं कि अगर हम सार्वजनिक मंच पर किसी बारे में कुछ कहेंगे, तो किसी ना किसी को ठेस जरूर पहुंचेगी। यह पक्की बात है कि महुआ किसी को अपमानित नहीं करना चाहती थीं। शशि थरूर ने आगे कहा कि मैं सबसे गुजारिश करता हूं कि माहौल को थोड़ा हल्का करें, धर्म को कोई किस तरह मानता है, यह उसपर ही छोड़ दें।

क्या है पूरा मामला
डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर को लेकर विवाद के बीच सांसद महुआ मोइत्रा ने बयान दिया था। इसपर विवाद हुआ था। महुआ मोइत्रा ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर पर कहा था, 'काली के कई रूप हैं। मेरे लिए काली का मतलब मांस और शराब स्वीकार करने वाली देवी है। लोगों की अलग-अलग राय होती है, मुझे इसे लेकर कोई परेशानी नहीं है। इसके बाद जब विवाद हुआ तो महुआ मोइत्रा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि सभी संघियों के लिए झूठ बोलना आपको बेहतर हिंदू नहीं बना देगा। मैंने कभी किसी फिल्म या पोस्टर का समर्थन नहीं किया। ना ही धूम्रपान शब्द का उल्लेख किया। मेरा एक सुझाव है। आप तारापीठ में मेरी मां काली के पास जाएं, यह देखने के लिए कि भोग के रूप में क्या चढ़ाया जाता है। जय मां तारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *