अखिलेश यादव पर स्‍वतंत्र देव का पलटवार, गोरखपुर में बोले-एसी से बाहर आएं सपा मुखिया

गोरखपुर

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जल शक्ति मंत्री स्वंतत्र देव सिंह ने मंगलवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार किया। दरोगा भर्ती पर अखिलेश के आरोपों का जवाब देते हुए उन्‍होंने कहा कि सपा सुप्रीमो को एसी कमरे से बाहर निकल कर जनता के बीच जाना चाहिए। अखिलेश को आजमगढ़ की जनता ने नकार दिया है। उन्हें आज यादव कार्यकर्ता नहीं मिल रहे। जनता वंशवाद, जातिवाद एवं क्षेत्रवाद से ऊपर उठ चुकी लेकिन वे मानने को तैयार ही नहीं। जब तक पार्टी की बागडोर कार्यकर्ता को नहीं देंगे, जनता में स्वीकारोक्ति नहीं मिलेगी।

भाजपा कार्यालय पर मंगलवार को योगी सरकार के 100 दिन की उपलब्धियां गिनाने के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के स्वास्थ्य विभाग के तबादलों पर बयान के सवाल पर कहा कि मंत्री को भरोसे में लिए बिना कुछ नहीं होता। जो भी फाइल होती है, उस पर मंत्री का हस्ताक्षर होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में काम ईमानदारी से होता है। मंत्री के पत्र लीक होने के सवाल पर उन्होंने जानकारी से इंकार किया। उदयपुर एवं अमरावती की वारदात पर कहा कि देश विरोधी काम कर रहे लोगों को सुधार करना होगा।

मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
जलशक्ति मंत्री ने प्रदेश सरकार के 100 दिन के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में खूब काम हो रहा है। हमने जो भी लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे पूरा कर रहे हैं। हर घर जल योजना के तहत पूरे प्रदेश में 2024 तक लोगों के घर में टोंटी से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। बुंदेलखंड और विंध्य के क्षेत्र में दिसंबर 2022 तक काम पूरा हो जाएगा। अगले सप्ताह प्रदेश को एक और एक्सप्रेस वे मिलने जा रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का लोकार्पण होगा। उन्होंने गोरखपुर में इन 100 दिनों में किए गए विकास कार्यों को भी गिनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *