चौथी लहर की आशंका चेन्नै में मास्क पहनना हुआ अनिवार्य ,जुर्माना 500 रुपये

चेन्नै
 देश में चौथी लहर की आशंका के बीच तमिलनाडु की राजधानी चेन्नै में मास्क एक बार फिर अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य में बढ़ते कोविड-19 मामलों को देखते हुए ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन सक्रिय हो गया है। चेन्नै में अब मास्क न पहनने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। जोन स्तर पर टीम गठित कर जुर्माना लगाया जा रहा है। महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल ऐसे राज्य हैं जहां कोरोना के एक्टिव केस सबसे अधिक हैं।

कोविड के बढ़ते केस के मद्देनजर सोमवार को ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के आयुक्त की अध्यक्षता में कोरोना संक्रमण नियंत्रण को लेकर बैठक हुई। मीटिंग में कोरोना के केस बढ़ने पर किए जाने वाले उपायों पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान मास्क को फिर से अनिवार्य करने का फैसला लिया गया।

इन जगहों पर मास्क लगाना होगा अनिवार्य
इसके अनुसार पहले चरण में उन जगहों पर फेस मास्क न लगाने पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा, जहां पर भीड़ इकट्ठा होती है। इनमें सभी सार्वजनिक जगह, शॉपिंग मॉल, थियेटर और धार्मिकस्थल शामिल हैं। तमिलनाडु में रविवार को लगातार तीसरे दिन 2000 से अधिक केस सामने आए।

तमिलनाडु में रविवार को 2,672 केस दर्ज हुए। चेन्नै में रविवार को 1,072 नए केस मिले, चेंगलपेट में 373, कोएंबटूर में 145, तिरुवलूर में 131 और तिरुचिरापल्ली में 104 केस दर्ज हुए।

देश में एक दिन में 13 हजार से अधिक केस
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,086 नए मामले सामने आए। देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,35,31,650 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,14,475 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 19 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,242 हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *