डीजे सुबोध कुमार जैन प्रदेश न्‍यायाधीश संघ के अध्‍यक्ष बने

जबलपुर
मध्य प्रदेश न्यायाधीश संघ के आनलाइन चुनाव में इंदौर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुबोध कुमार जैन 567 मत हासिल कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने छह प्रत्यशियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विजय का परचम लहराया। 1990 में सिविल जज वर्ग दो के रूप में न्यायिक सेवा में आने वाले डीजे सुबोध कुमार जैन मिलनसार व मददगार व्यक्तित्व के धनी हैं। संगठन के वर्चुअल महाधिवेशन के उपरांत रविवार को आनलाइन निर्वाचन प्रक्रिया को गति दी गई। राज्य के विभिन्न जिलों के न्यायिक अधिकारियों ने पोर्टल पर मिली लिंक के जरिये मतदान किया। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति रवि मलीमथ के मार्गदर्शन में आयोजित सम्मेलन और अध्यक्ष पद के लिए आनलाइन चुनाव का सफल आयोजन देश में अपनी तरह का पहला आयोजन है।

1600 न्यायिक अधिकारी हुए शामिल, 1479 ने किया मतदान-

न्यायिक अधिकारियों के वर्चुअल महाधिवेशन में कुल 1600 न्यायिक अधिकारी शामिल हुए, जिसमें 1479 ने मतदान किया। जो राज्य में न्यायिक अधिकारियों के कुल कैडर का 89.63 प्रतिशत है। नवीन कार्यकारिणी में झाबुआ के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएमएस अंसारी उपाध्यक्ष, अजय सिंह ठाकुर व सिद्धार्थ तिवारी सह सचिव, धर्मेंद्र कुमार टाडा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। नव निर्वाचित अध्यक्ष सहित अन्य ने राज्य के न्यायिक अधिकारियों के उत्थान के लिए संकल्प लिया। संघ के अध्यक्ष का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *