प्रचार का अंतिम दौर: भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की चाय पर चर्चा

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी नगर निगमों में रोड शो करने के साथ सबसे अधिक फोकस इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर नगर निगमों में किया है। भोपाल में तो सीएम चौहान रोज चुनावी सभाएं और रोड शो कर रहे हैं। यहां बुधवार को मतदान के पहले सीएम चौहान कल फिर सभा कर सकते हैं।

उधर इंदौर में भाजपा कांग्रेस के बीच कांटे के मुकाबले को देखते हुए सीएम चौहान रविवार की रात रुककर वहां के प्रबुद्धजनों और पार्टी नेताओं के साथ संवाद करेंगे। सोमवार को सुबह रोड शो और चुनावी सभा होगी। इस चुनाव में पहली बार सीएम रविवार को सिंगरौली भी पहुंचने वाले हैं। भोपाल में रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि वे केवल भाजपा की सरकार नहीं चला रहे बल्कि परिवार चला रहे हैंं। मेरे भांजे, भांजियां, बहनें, भाई, उनकी जिंदगी कैसे बेहतर बने हम इसकी कोशिश कर रहे हैं। विकास के जितने भी आयाम हैं, जैसे पुल, पुलिया, सड़क, पार्क सहित सभी जरूरी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही गरीब कल्याण की योजनाओं जैसे मुफ्त राशन से लेकर पक्के मकान तक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा गुंडागर्दी और दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने जमीनों पर कब्जे कर रखे हैं, वे सुन लें, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

गरीब कल्याण और विकास के कार्य भाजपा ही कर सकती है। सीएम चौहान ने रविवार को राजधानी के 12 नम्बर स्टाप और ईदगाह हिल्स में ये बातें आम जन से कहीं। सुबह नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा के दौरान सीएम चौहान ने उनके बीच बैठकर चाय पी और बाद में कहा कि इस तरह के संवाद से आम लोगों की समस्या को आसानी से जानने में मदद मिलती है। इसके बाद ईदगाह हिल्स में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *