प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी पर बायॉपिक बनाने की घोषणा, टीजर रिलीज

बॉलिवुड में इस समय बायॉपिक बनाने का सीजन चल रहा है। पिछले कुछ सालों में कई बायॉपिक रिलीज हुईं और उन्हें बहुत पसंद किया गया है। अब भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी पर बायॉपिक बनाने की घोषणा की गई है। इस फिल्म का नाम 'मैं रहूं या ना रहूं, ये देश रहना चाहिए- अटल' रखा गया है। यह फिल्म अटल बिहारी बाजपेयी की बायॉग्रफी पर आई किताब पर आधारित होगी।

फिल्म का एक टीजर मंगलवार यानी 28 जून 2022 को रिलीज किया गया है। इस फिल्म के डायरेक्टर और कास्ट की अभी घोषणा नहीं की गई है लेकिन 2023 के शुरुआत में इसकी शूटिंग प्लान की जा रही है। माना जा रहा है कि यह फिल्म अगले साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज की जा सकती है जो पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी का बर्थडे भी है। यह अटल बिहारी बाजपेयी की 99वीं जयंती होगी।

इस फिल्म को विनोद भानुशाली और सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद सुर्खियों में आए संदीप सिंह प्रड्यूस कर रहे हैं। फिल्म के बारे में संदीप सिंह ने कहा, 'श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी हमारे देश के इतिहास के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे जो अपने शब्दों से विरोधियों का भी दिल जीत लेते थे। निश्चित तौर पर उन्होंने ही प्रगतिशील इंडिया की नींव रखी थी। एक फिल्ममेकर के तौर पर मुझे ऐसा लगता है कि हमें लोगों को ऐसी बातें बतानी चाहिए जिन्हें लोग नहीं जानते हैं।'

संदीप ने आगे कहा, 'यह फिल्म केवल उनकी पॉलिटिकल सोच ही नहीं बल्कि एक इंसान और कवि के तौर पर उनकी सोच को लोगों के सामने रखेगी जिसके लिए लोग उन्हें आज भी चाहते हैं। वह विपक्ष के नेता के तौर पर और भारत के सबसे प्रगतिशील प्रधानमंत्री के तौर पर पसंद किए गए।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *