जल जीवन मिशन के कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल जीवन मिशन में जारी कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर घर में नल से जल पहुँचाना राज्य शासन की प्रतिबद्धता है। इस तकनीकी युग में कार्य में विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो, यह सुनिश्चित करने के लिए संबद्ध एजेंसियों को उनकी क्षमता के अनुसार ही कार्य आवंटित किया जाए और कार्य की प्रगति पर अधिकारी निरंतर निगरानी रखें। जल जीवन मिशन में संचालित गतिविधियों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए पर्याप्त तकनीकी अमला उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाए।

मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव वित्त मनोज गोविल तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन में जहाँ जल-स्त्रोत कमजोर हों, वहाँ उसे समृद्ध करने के लिए जलाभिषेक अभियान में विशेष प्रयास किए जाएँ। डिजिटल एन्ट्री और इलेक्ट्रानिक तरीके से कार्यों के माप की व्यवस्था को भी सुनिश्चित कराएं।

जानकारी दी गई कि प्रदेश के 51 हजार 585 ग्रामों में जल जीवन मिशन की गतिविधियों का आच्छादन किया जाना है, जिनमें 39 हजार 565 ग्रामों के लिए स्वीकृतियाँ जारी की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति और पूर्णता की संभावित तिथि की माहवार जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *