राहुल अपोलो में भर्ती, सुबह नाश्ता किया… हालत ठीक

बिलासपुर
जांजगीर-चांपा जिले में बोरवेल में फंसे राहुल को 106 घंटे चले रेस्क्यू आॅपरेशन बाद मंगलवार देर रात सुरक्षित निकाल लिया गया। रेस्क्यू के फौरन बाद उसे बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अपोलो हॉस्पिटल में सुबह राहुल को नाश्ता कराया गया। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।राहुल शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे 60 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना ने इस आॅपरेशन को बिना रुके अंजाम दिया। ये देश का सबसे बड़ा रेस्क्यू आॅपरेशन बताया जा रहा है। इससे पहले हरियाणा के कुरूक्षेत्र में 21 जुलाई 2006 को 50 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 5 साल के प्रिंस को 50 घंटे में बचाया गया था।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रेस्क्यू आॅपरेशन पर नजर बनाए हुए थे। वो राहुल के परिजनों के संपर्क में थे। मंगलवार रात उन्होंने सोशल मीडिया पर रेस्क्यू आॅपरेशन कामयाब होने की जानकारी दी।जैसे ही राहुल को बाहर निकाला गया जवानों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। लोगों ने रेस्क्यू टीम के लिए तालियां बजाईं और पटाखे चलाए। लोगों ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना के जवानों को गोद में उठा लिया।

पांच दिनों में राहुल की निगरानी स्पेशल कैमरे से की जा रही थी। उसे भोजन-पानी दिया जा रहा था। हौसला बनाए रखने के लिए लगातार उससे बात भी की जाती रही। पांच दिन तक 60 फीट नीचे दबे रहने के कारण और गड्ढे में पानी भरे होने के कारण उसके शरीर में कमजोरी है।

कैसे चला रेस्क्यू आॅपरेशन
सेना के जवानों ने रेस्क्यू की कमान अपने हाथ में ले ली थी। वो टनल के जरिए पहले बोरवेल और फिर राहुल तक पहुंचे। बच्चे के अंदर होने की वजह से चट्टानों को ड्रिलिंग मशीन से ना काटकर हाथ से तोड़ा गया, फिर अंदर की मिट्टी हटाई गई। ऐसा करते-करते जवान राहुल तक पहुंचे। इसके बाद रस्सी से खींचकर राहुल को बाहर लाया गया। उसकी हालत को देखते हुए पहले से ही एंबुलेंस, डाक्टरों की टीम और मेडिकल इक्विपमेंट्स तैयार थे। टनल से एंबुलेंस तक कॉरिडोर बनाया गया था। राहुल को स्ट्रेचर के जरिए सीधे एंबुलेंस तक लाया गया।राहुल के सुरक्षित निकाले जाने के बाद लोगों ने रेस्क्यू टीम के लिए तालियां बजाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *