एलन मस्क गुरुवार को पहली बार ट्विटर के कर्मचारियों को करेंगे संबोधित

सैन फ्रांसिस्को

दुनिया के सबसे बड़े अरबपति व टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) पहली बार गुरुवार को सोशल मीडिया प्लैटफार्म  ट्विटर (Twitter) के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने अप्रैल में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने की पेशकश की थी। ट्विटर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार, ट्विटर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल ने सोमवार को एक ई-मेल में कर्मचारियों के साथ एक बैठक की जानकारी दी है।  उन्होंने इस ईमेल में कहा कि कर्मचारी मस्क से पूछने के लिए पहले से सवाल दे सकते हैं। टेस्ला के सीईओ मस्क ने इस साल अप्रैल में ट्विटर को खरीदने का पूरा मन बना लिया था। हालांकि, फर्जी या नकली खातों की संख्या को लेकर कई बार कंपनी के साथ विवाद के बाद उन्होंने खरीद समझौते को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि क्या इस सप्ताह की बैठक से दोनों पक्ष इस मुद्दे को सुलझाने के करीब आ गए हैं या नहीं।  मस्क ने जब ट्विटर को खरीदने की घोषणा की थी, तब वॉल स्ट्रीट पर सोशल मीडिया कंपनी के शेयर का भाव 54.20 प्रति डॉलर था, जबकि वर्तमान में कंपनी के शेयर की कीमतों में काफी गिरावट आ गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *