जुलाई के पहले हफ्ते में पंजाब कैबिनेट का विस्तार

चंडीगढ़

पंजाब में कैबिनेट का विस्तार अगले महीने होगा। इस महीने के अंत में बजट सेशन है। उसके बाद जुलाई के पहले हफ्ते में कैबिनेट में नए मंत्री शामिल होंगे। CM भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में अभी 8 मंत्रियों के पद खाली हैं। नए मंत्रियों में महिला और सेकेंड टर्म वाले विधायक को मौका मिलना तय है। हालांकि अभी मंत्रिमंडल को पूरा नहीं भरा जाएगा। फिलहाल 4 से 5 मंत्री ही शामिल किए जाएंगे।

CM समेत 18 मंत्री संभव, अभी 10 पद भरे
पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं। AAP सरकार बनने के बाद CM भगवंत मान के बाद 10 मंत्रियों ने शपथ ली थी। जिसके बाद सरकार में एक सीएम और 10 मंत्री थे। 8 मंत्रीपद खाली थे। हालांकि हाल ही में सीएम मान ने हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया। जिसके बाद 8 मंत्रीपद खाली हो चुके हैं।

सीएम के पास ज्यादा विभाग, इन्हें बांटा जाएगा
सीएम भगवंत मान के पास इस वक्त 28 विभाग हैं। नए मंत्रियों को विभाग की अलॉटमेंट के वक्त उन्होंने 27 विभाग अपने पास रखे थे। फिर हेल्थ मिनिस्टर को बर्खास्त किया तो हेल्थ विभाग भी अपने पास रख लिया। नए मंत्रियों को शपथ दिलवाकर उन्हें मान से विभाग दिए जाएंगे। जिनमें हेल्थ के अलावा लोकल गवर्नमेंट, कृषि और इंडस्ट्री शामिल है। गृह विभाग सीएम भगवंत मान के पास ही रहेगा।

24 से 30 जून तक चलेगा बजट सेशन
पंजाब में मान सरकार का बजट सेशन 24 से 30 जून तक चलेगा। 27 जून को वित्तमंत्री हरपाल चीमा बजट पेश करेंगे। इसके बाद कैबिनेट विस्तार कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी भगवंत मान से दूसरे राज्यों में प्रचार भी करवा रही है। ऐसे में उनसे बड़े विभाग दूसरे मंत्रियों को दिए जाएंगे ताकि कामकाज में कोई देरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *