खरगोन में करीब 25 मिनट तक तेज बारिश,13 जून तक प्री-मानसून पूरी तरह एक्टिव

भोपाल

मध्यप्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी से फिर बारिश हो रही है। शुक्रवार को खरगोन में करीब 25 मिनट तक तेज बारिश हुई। वहीं, विदिशा के सिरोंज, राजगढ़ और खंडवा भी तरबतर हो गए। दूसरी ओर, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बौंछारे भी गिरीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीके साहा ने बताया कि 13 जून से प्रदेशभर में प्री-मानसून पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा और मानसून आने तक बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, खरगोन में 7 मिमी बारिश हुई। राजगढ़, छिंदवाड़ा और जबलपुर में भी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के बाद गर्मी का असर कम हुआ है। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल में 41.9, इंदौर में 40, जबलपुर में 41.6 और ग्वालियर में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

इधर, दिन से एक ही जगह अटका मानसून भी अब ट्रैक पर लौट रहा है। इस बारे में मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 जून से थोड़ी राहत मिलेगी। मानसून अगले दो दिन में महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना है। महाराष्ट्र पहुंचने के अगले दो दिन में मुंबई तक पहुंचने की संभावना है। 15 जून के बाद मानसून मध्यप्रदेश पहुंच जाएगा।

IMD के वैज्ञानिक आरके जेनामणि के मुताबिक अगले दो दिन में गोवा और महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। 15 जून से देश के मध्य और उत्तर के मैदानी इलाकों में मानसून की रफ्तार में तेजी आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *