भाजपा का बूथ विजय संकल्प,कांग्रेस का सुंदर सुरक्षित सुशासित हो शहर

भोपाल
नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव का शंखनाद आज भाजपा ने प्रदेश भर के 65 हजार बूथ विजय होने का संकल्प लिया है। इस संकल्प के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार कमल का फूल चुनाव चिन्ह नगरीय निकाय चुनाव में होगा। इसके लिए ही काम करना होगा, ताकि हर नगर विकास की राह पर और तेज दौड़ सके। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी भोपाल के ही एक अन्य बूथ पर पहुंचे। दोनों ही नेताओं को बूथ की जनता ने श्रीफल, तिलक लगाकर स्वागत किया। इस मौके पर सीएम ने बच्चों के साथ बातचीत की और उनकी इच्छा पर फोटो की खिंचवाई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सुबह भोपाल के पंचशील मंडल वार्ड 47 के बूथ क्रमांक 1260 पर पहुंचे। उन्होंने यहां पर पहुंचकर बूथ कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किये हैं, लेकिन हमारी पार्टी का उम्मीदवार सिर्फ कमल का फूल चुनाव चिन्ह ही है। बूथ जीतने के संकल्प के साथ ही हमने चुनाव जीतने का शंखनाद कर दिया है।

इधर कांग्रेस बोली हमारा संकल्प सुरक्षा, सुरक्षित, सुशासित हो शहर
भाजपा के बूथ संकल्प शुरू होते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी कांग्रेस का संकल्प बता दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुंदर, सुरक्षित, समर्थ, सुशासित और सविधाओं से भरपूर शहर देने के संकल्प के साथ जनता के बीच में हैं। उन्होंने अपने सभी महापौर उम्मीदवारों से कहा है कि इस महान संकल्प के साथ जनता के बीच जाएं कि चारों तरफ फैले कुशासन और भ्रष्टाचार के बीच जनता आपके साथ मिलकर नए सवेरे की शुरूआत करे।

नगर सरकार बनने से तेज होगा विकास: वीडी
वहीं वीडी शर्मा भी भोपाल के वार्ड 25 के बूथ क्रमांक 69 में पहुंचे। उनका भी यहां की जनता ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही जनहित के काम करती है, नगर सरकार बनने से विकास में और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। जीतेगा बूथ, जीतेगी भाजपा के मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं ने विजय का संकल्प लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *