मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर हिड़मा पर एनआइए ने घोषित किया 25 लाख का इनाम

रायपुर
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआइए) ने नक्सल कमांडर माडवी हिड़मा पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। बस्तर के झीरम घाटी नक्सली हमले सहित कई मामलों में हिड़मा मुख्य आरोपित है। हिड़मा पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) का कमांडर है। वह सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा में सक्रिय है।

वहीं, एनआइए ने आंध्र प्रदेश के खूंखार नक्सली नंबाला केशव राव उर्फ बसनराज पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा सहित 32 लोगों की मौत हुई थी।

हिड़मा पर इससे पहले छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी 25 लाख का इनाम घोषित किया था। एनआइए ने हिड़मा को सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के पूवर्ती गांव का निवासी बताया है। हिड़मा को संतोष उर्फ इंदमुल उर्फ पोडियाम भीमा जैसे कई नामों से भी जाना जाता है। वह छत्तीसगढ़ पुलिस समेत कई नक्सल प्रभावित राज्यों की पुलिस के लिए मोस्टवांटेड नक्सली है।

इन बड़ी वारदातों में शामिल था हिड़मा
एंटी नक्सल आपरेशन के आला अधिकारियों की मानें तो वर्ष 2010 में ताड़मेटला में हुए नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 76 जवानों के बलिदान में हिड़मा की अहम भूमिका मानी जाती है। वर्ष 2017 में बुरकापाल में हुए हमले में भी हिड़मा ही मास्टरमाइंड था। इस हमले में 25 जवानों का बलिदान हुआ था। बीजापुर में फोर्स पर उसके नेतृत्व में ही हमला हुआ था। इसमें 22 जवान बलिदान हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *