आरोन में सिनगयाई पंचायत निर्विरोध चुनी

गुना

गुना जिले के आरोन इलाके की पूरी सिनगयाई पंचायत निर्विरोध चुनी गई है। सरपंच और सभी 12 पंच महिलाएं हैं। निर्विरोध सरपंच चुनी गईं ललिता राजपूत पूर्व दस्यु मलखान सिंह की पत्नी हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसी पंचायत को 15 लाख देने की घोषणा की थी, जहां सरपंच और पंच पद पर महिलाएं निर्विरोध चुन ली जाएं।

ललिता राजपूत ने बताया कि गांव में विकास नहीं हो रहा था। सड़क ऐसे ही पड़ी हुई है। पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। अब गांव में विकास के सारे कार्य कराए जाएंगे। 20 वर्ष पहले पंचायत अनारक्षित थी। उस समय भी निर्विरोध सरपंच चुना गया था। तब पंचायत में काफी विकास कार्य गए थे। उसके बाद यह पंचायत लगातार आरक्षित होती चली गई। 20 वर्ष बाद इस बार पंचायत सामान्य महिला के लिए आरक्षित हुई। इसलिए ग्रामीणों ने निर्विरोध पंचायत चुनने का निर्णय लिया।

पूर्व दस्यु मलखान सिंह ने बताया कि वर्षों ग्राम पंचायत में विकास नहीं हो रहा था। सरपंच कई बदले और कई चले गए। गांव में नल, बिजली, सड़क, खरंजा सभी काम पड़ा हुआ है। 1200 ग्रामीणों की यह पंचायत है। अब कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सभी विकास के काम गांव में होंगे। निर्विरोध पंचायत में पूरे काम करके दिखाएंगे। किसी कीमत पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे। यह जनता की आवाज थी बहुत दिनों से। जनता काफी दिन से सोच रही थी कि पंचायत कब अनारक्षित हो और दद्दा (मलखान सिंह) को जिम्मेवारी दी जाए, जिससे पंचायत में विकास हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *