कानपुर हिंसा: बुलडोजर चला तो कफन बांध कर निकलेंगे- शहर काजी

कानपुर
कानपुर से शहर काजी मौलाना अब्दुल कुद्दूस हादी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस एकतरफा कार्रवाई करती है। हमारे घरों पर बुलडोजर चलाती है, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम सिर पर कफन बांधकर सड़क पर निकलेंगे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना से भी शिकायत की। उनके आरोप हैं कि पुलिस एक्शन से एक समुदाय में असंतोष है।

उनका दावा है कि बम फेंकने का जो नया वीडियो सामने आया है। उसमें हिंदू पक्ष के लोग दिख रहे हैं। इस वीडियो की जांच भी पुलिस कर रही है। उधर, इस मामले में अब तक 50 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

काजी के मुताबिक-पहले चंद्रेश्वर हाते से नमाजियों पर पथराव हुआ
शहर काजी ने कहा कि 3 जून को हिंसा होने से पहले शांति के साथ बाजार बंदी चल रही थी। मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज पढ़कर वापस लौट रहे थे। चंद्रेश्वर हाते के रहने वाले लोगों ने नमाजियों पर पत्थर फेंके थे। इसके बाद मुस्लिम पक्ष के लोग भड़क गए थे। मुस्लिम पक्ष के लोगों ने आत्मरक्षा में पत्थर फेंके थे। फिर दोनों समुदाय के लोगों के बीच हिंसा शुरू हो गई।

पीएफआई का बयान-हिंसा के बाद मुस्लिमों को टारगेट किया जा रहा
कानपुर में हुई हिंसा को लेकर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) का भी बयान सामने आया है। PFI ने एक पत्र जारी कर कहा है कि कानपुर हिंसा से उसका कोई लेना-देना नहीं है। हम कानपुर हिंसा की निंदा करते है। कानपुर में हुई हिंसा के बाद मुस्लिमों को टारगेट किया जा रहा है। बुलडोजर चलाने की धमकी दी जा रही है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई पक्षपात वाली है।

मुस्लिमों के खिलाफ बदले की कार्रवाई की जा रही है। कानपुर पुलिस ने हिंसा में शामिल कुछ लोगों के पोस्टर को सार्वजनिक कर चुकी है। ऐसे में पोस्टर लगने का असर भी हो रहा है। आरोपी खुद ब खुद थाने जाकर सरेंडर कर रहे हैं। उनको डर है कि कहीं पुलिस उनकी संपत्तियों को जब्त करके बुलडोजर न चला दे।

जल्द नया पोस्टर जारी करेंगे
यूपी के एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि पुलिस आरोपियों का नया पोस्टर जल्दी ही जारी करेगी। इसमें कुछ और आरोपियों की तस्वीरें होंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग इस मामले में दोषी हैं। उन लोगों पर ही कार्रवाई हो रही है। पुलिस के ऊपर पथराव करने वाले लोगों पर एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *