नवजोत सिंह सिद्धू पी.जी.आई. में भर्ती

चंडीगढ़

रोडरेज मामले में पटियाला सेंट्रल जेल में बंद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को तबीयत बिगड़ने के बाद चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक लीवर की समस्या के बाद सिद्धू को चंडीगढ़ के  पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर में जांच के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने सिद्धू को जांच के लिए भर्ती कर लिया है। गौरतलब है कि सिद्धू को 1988 के रोड रेज मामले में कोर्ट ने एक साल सश्रम की सजा सुनाई थी। सिद्धू ने 20 मई को कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था जिसके बाद उन्हें सेंट्रल जेल पटियाला भेज दिया गया था।

करीब दो हफ्ते पहले सिद्धू को मेडिकल जांच के लिए पटियाला के राजिंद्र अस्पताल ले जाया गया था। नवजोत सिंह सिद्धू के वकील एचपीएस वर्मा के मुताबिक सिद्धू ने हाल ही में जेल में विशेष आहार की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि सिद्धू  गेहूं, चीनी, मैदा जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं कर सकते। वर्मा के मुताबिक सिद्धू जामुन, पपीता, अमरूद, डबल टोंड दूध ले सकते हैं। उन्होंने कहा था कि सिद्धू केवल वो खाना का सकते हैं जिनमें फाइबर और कार्बोहाइड्रेट न हों।

जानकारी के मुताबिक सिद्धू एम्बोलिज्म नाम की बीमारी से ग्रस्त हैं और उन्हें लीवर की भी बीमारी है। सिद्धू ने साल 2015 में दिल्ली के एक अस्पताल में एक्यूट डीप वेन थ्रॉम्बोसिस (DVT) का भी इलाज कराया था। डीवीटी दरअसल ऐसी बीमारी है जिसमें नस में खून का थक्का जमने लगता है जिससे शरीर में खून का प्रवाह बाधित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *