नक्सल प्रभावित जिलों में चुनाव के लिए पुलिस मुख्यालय सतर्क

भोपाल
प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिलों में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए पुलिस मुख्यालय विशेष योजना बना रहा है। दरअसल पिछले पंचायत चुनाव में यहां पर कुछ घटनाएं हुई थी, इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय अपनी कार्ययोजना बनाकर गृह विभाग को भेजेगा।

बालाघाट, मंडला और डिंडोरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय में नक्सली घटनाएं सामने आई है। वहीं पिछले पंचायत चुनाव में भी यहां पर नक्सलियों ने अपना प्रभाव दिखाने के लिए कुछ वारदातों को अंजाम दिया था, लेकिन इस बार पुलिस पहले से ही इन तीन जिलों को लेकर मुस्तैद हो गई है। इन तीनों जिलों को लेकर विशेष रूप से फोकस कर चुनाव शांतिपूर्ण तरीक से करवाने की योजना बनाई जा रही है।

प्रदेश के नक्सल प्रभावित इन तीनों जिलों में हमेशा ही चुनाव के दौरान अतिरिक्त बल दिया जाता है, लेकिन फिर भी छुटपुट घटनाएं हो जाती है। इस बार पुलिस मुख्यालय यहां पर हर हाल में बिना किसी घटना के चुनाव संपन्न करवाने के प्रयास में हैं। इसे लेकर इंटेलीजेंस के अफसर अभी से सक्रिय हो चुके हैं। हॉक फोर्स को भी चुनाव के मद्देनजर सक्रिय किया गया है। ऐसा बताया जाता है कि गर्मी के दिनों में नक्सलियों का मूवमेंट घने जंगल में बढ़ जाता है, हालांकि जब मतदान होंगे तक बारिश हो चुकी होगी, लेकिन फिर भी इस मूवमेंट को लेकर पुलिस मतदान तक खासी सजग रहेगी। इसके लिए चुनाव प्रचार शुरू होते ही यहां पर अतिरिक्त सशस्त्र बल भी तैनात किया जा सकता है। नक्सल क्षेत्रों में लगाए जाने वाले अतिरिक्त सशस्त्र बल की जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *