उत्तरकाशी बस हादसा: सुबह 8 बजे घटना स्थल पहुंचे CM शिवराज और पुष्कर धामी, चौतरफा शोक

देहरादून/भोपाल/पन्ना
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हुए बस हादसे में अब तक 26 यात्रियों के शव बरामद हो चुके हैं। दुर्घटना के वक्त बस में 30 लोग सवार थे। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात को ही देहरादून पहुंच चुके थे। उन्होंने रात में ही अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। इसके बाद शवों की वापसी के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की।

आज सुबह 8 बजे फिर सीएम शिवराज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने अन्य वाहनों में चल रहे मृतकों के साथियों और परिजनों से बात की।  सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उत्तराखंड बस हादसे में पन्ना के दिवंगत भाई-बहनों के पार्थिव देह को एयरफोर्स के विमान से ससम्मान मध्य प्रदेश पहुंचाने के लिए आग्रह किया। उन्होंने मेरा अनुरोध स्वीकार किया। मैं उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में दुखद बस दुर्घटना में नहीं रहे पन्ना के हमारे भाई-बहनों के शवों का रात में ही पोस्टपार्टम कर दिया गया था। दोपहर 2 बजे तक उनके पार्थिव देह को प्रदेश में एयरफोर्स के विमानों के माध्यम से रवाना कर दिया जाएगा।  सीएम शिवराज ने कहा कि दुर्घटना के तत्काल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के सतत सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।  

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार सुबह 8 बजे उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी के साथ दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गौतरलब है कि रेस्क्यू आॅपरेशन रात करीब 2:30 बजे तक चला। एसडीआरएफ और अन्य बचाव टीमों ने 4 घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृत 26 व्यक्तियों के शवों को बॉडी बैग के माध्यम से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। तब तक खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देहरादून तक पहुच गए थे। घटनास्थल पर जिलाधिकारी, एसपी, डीआईजी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। बस दुर्घटना में दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। तीन घायलों का मैक्स अस्पताल देहरादून में इलाज चल रहा है।

पुर्जा-पुर्जा बिखर गई बस, पेड़ों पर लटके दिखे शव
विकासखंड मोरी के जखोल वार्ड नंबर 22 से जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत ने बताया कि वह रविवार को देहरादून से उत्तरकाशी के लिए चले थे। हादसे का शिकार होने वाली बस उनके आगे-आगे चल रही थी।  वह बस से आगे निकलना चाहते थे। लेकिन लगातार गाड़ियों के आने के चलते वह आगे नहीं निकल पाए। इसी बीच आगे चल रही बस में ऐसा लगा कि जैसे उसका स्टेयरिंग फेल हुआ या फिर ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई।  बस सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद हाकम सिंह अपने कुछ साथियों के साथ खाई में उतरे जहां पेड़ों पर लोगों के शव लटक रहे थे। चारों तरफ यात्रियों का सामान फैला हुआ था। चीख-पुकार का मंजर था। उन्होंने मौके से ही दुर्घटनास्थल के फोटो जारी किए। जिसके बाद सिस्टम हरकत में आया।

एक महिला छतरपुर की
पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्तराखंड में हुए हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उसमें से एक महिला छतरपुर की रहने वाली है जबकि बाकी पन्ना जिले के नौ अलग-अलग गांवों के लोग हैं। उनके परिजनों से संपर्क कर लिया गया है। इसके लिए पन्ना और छतरपुर प्रशासन ने एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत अफसरों की ड्यूटी लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *