मध्य प्रदेश: EPFO का अधिकारी 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सागर
मध्य प्रदेश में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) का एक अधिकारी रिश्वत लेते पकड़ा गया है। पुलिस ने ईपीएफओ के रिजनल कमिश्नर को एक व्यवसायी से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी कमिश्नर एक मामले के निपटारे के लिए व्यवसायी से रिश्वत मांग रहा था। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी है।

10 लाख रुपये रिश्वत मांग रहा था ईपीएफओ का अधिकारी
मध्य प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि बीआर कंपनी के मालिक अनिरुद्ध पिंपलापुरे ने पुलिस को शिकायत दी थी। अनिरुद्ध ने अपनी शिकायत में कहा था कि ईपीएफओ का रिजनल कमिश्नर सतीश कुमार ईपीएफओ की कार्रवाई से बचने के लिए अनिरुद्ध पर 10 लाख रुपये का भुगतान करने का दबाव बना रहा था।

आरोपी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने कहा कि शिकायत की पुष्टि के बाद पुलिस ने रविवार शाम को अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। पुलिस ने अधिकारी को उनके आवास पर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *