मुंबई पुलिस ने सलमान खान को धमकी मिलते ही बढ़ाई सुरक्षा, रविवार को मिला था धमकी भरा लेटर

नई दिल्ली
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को बीते रविवार को ही जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले के तेजी पकड़ते ही मुंबई पुलिस ने दबंग खान की सुरक्षा बढ़ा दी है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र गृह मंत्रालय की ओर से यह फैसला लिया गया है। बता दें कि बीते रविवार (5 जून) को सलमान खान के पिता को एक धमकी भरा लेटर मिला। इस लेटर में साफ-साफ तरीके से सलीम खान और सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। लेटर में पंजाब के जाने-माने सिंगर सिद्धू मूसेवाला का भी जिक्र किया गया है। इसमें लिखा हुआ है कि उनके जैसे ही सलमान खान को भी मौत के घाट उतार दिया जाएगा। लेटर सामने आते ही महाराष्ट्र गृह मंत्रालय ने अपना फैसला सुनाया और कुछ देर पहले ही मुंबई पुलिस सलमान खान के घर पहुंची है।

ये है पूरा मामला
दरअसल बीते रविवार को हमेशा की तरह सलीम खान टहलने निकले थे। अमूनन जिस बेंच पर वह बैठा करते हैं। वहीं पर उन्हें यह धमकी भरा लेटर मिला। लेटर में लिखा हुआ था कि उन्हें और उनके बेटे सलमान खान को मूसेवाला की तरह ही मार डाला जाएगा। बता दें कि लेटर मिलते वक्त सलमान खान दुबई में थे। यहां पर आईफा 2022 का आयोजन किया गया था और सलमान समेत बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स इस अवॉर्ड शो का हिस्सा बने हैं। सलीम खान ने बिना देरी किए ही मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस की ओर से तुरंत अज्ञात शख्स  के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दिया गया।

लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा है मामला?
बीते 29 मई को पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला को दिन दहाड़े गोली मार दी गई। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का नाम कनाडा के खूंखार लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ने लगा। एक फेसबुक पोस्ट के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया कि सिद्धू की मौत के पीछे लॉरेंस का ही हाथ है। इस मामले के बाद यह बात सामने आने लगी कि तकरीबन 4 साल पहले इसी गैंगस्टर ने सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी थी। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सुनते ही भाईजान के फैन्स भी सकते में आ गए थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *