नैनीताल: गुरु अर्जुन देव की शहादत दिवस पर निकाला नगर कीर्तन

नैनीताल
सिक्ख धर्म के पांचवे गुरु गुरु अर्जुन देव के 416वें शहादत दिवस पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधन कमेटी की ओर से नगर कीर्तन आयोजित किया गया। इस दौरान मल्लीताल गुरुद्वारे से माल रोड होते हुए तल्लीताल तक सिख समुदाय के लोगों ने भव्य झांकी निकाली। कीर्तन जत्थे ने भजन कीर्तन पेश कर संगत को निहाल किया। वही रुद्रपुर से पहुंचे रणजीत अखाड़ा के कलाकारों ने कतका पेश कर हैरतअंगेज करतब और शस्त्र विद्या का प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे के लिए आयोजित हुए नगर कीर्तन में अपर माल रोड पर यातायात पूरी तरह बंद रहा। ऐसे में पुलिस द्वारा पर्यटक वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर ही रोक दिया गया है।

शनिवार को सिख धर्म के पांचवे गुरु गुरु अर्जुन देव कि 416वें शहादत दिवस पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। कोरोना काल में दो वर्षों तक सादगी पूर्ण मनाया गया शहादत दिवस शनिवार को भव्य रूप से मनाया गया। इस दौरान गुरुद्वारे में भजन कीर्तन के साथ ही गुरु ग्रंथ साहब के पाठ पढ़े गए। जिसके बाद नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन में कीर्तनी जत्थे, कतका पार्टी और झांकियों में मौजूद सिख समुदाय के लोगों ने गुरु अर्जुन देव के जमकर जयकारे लगाए। साथ ही भजन कीर्तन पेश कर संगत को निहाल किया। गुरु सिंह सभा के सचिव अमरप्रीत सिंह ने बताया कि सिख समुदाय में गुरुजनों की शहीदी को भी उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा है।

कोरोना काल में दो वर्षों तक शहर में आयोजन नहीं हो पाया। जिस कारण इस वर्ष नगर कीर्तन और अन्य भव्य आयोजन किए गए हैं। इस दौरान गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा अध्यक्ष जोगेन्दर सिंह, मनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसमीत सिंह, जगजीत सिंह, संदीप सिंह, अमरदीप सिंह, गगनदीप सिंह, समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

शहर के बाहर ही रोके वाहन
दो वर्ष बाद आयोजित हुए गुरु अर्जुन देव की शहादत दिवस पर आयोजित नगर कीर्तन को लेकर दोपहर 12:00 बजे बाद अपर माल रोड में यातायात रोक दिया गया। ऐसे में पुलिस की ओर से3 शहर के लोवर मालरोड मस्जिद तिराहा, राजभवन मार्ग होते हुए वनवे व्यवस्था लागू की गई थी। मगर शहर के भीतर जाम की स्थिति ना बने इसको लेकर पुलिस ने शहर के एंट्री प्वाइंट रूसी क्षेत्र में ही पर्यटक वाहनों को रोक दिया। वही नारायण नगर क्षेत्र में भी वाहनों को रोक रोक कर शहर के भीतर प्रवेश दिया गया। जिस कारण शहर में तो जाम नहीं लगा, मगर जाम में फंसे पर्यटकों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

रणजीत अखाड़ा के कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
नगर कीर्तन के दौरान रणजीत अखाड़ा रुद्रपुर के 30 लोगों का दल नैनीताल पहुंचा था। जहां नगर कीर्तन के दौरान अखाड़ा कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सबको हैरान कर दिया। साथ ही कलाकारों ने शस्त्र विद्या का जोरदार प्रदर्शन किया।

झाड़ू सेवा जत्थे ने किया सफाई कार्य
नगर कीर्तन के दौरान गुरु की भव्य झांकी आयोजित की गई। इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने झांकी पर जमकर पुष्प वर्षा की। हल्द्वानी से पहुंचे झाड़ू सेवा जत्थे ने अभियान चलाकर सड़क पर पड़े फूल और अन्य कूड़ा साफ किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *