7 साल बाद शुरू हुए पंचायत चुनाव के कारण गर्माई ग्रामीण पॉलिटिक्स

भोपाल

सात साल बाद शुरू हुए पंचायत चुनाव के कारण ग्रामीण पॉलिटिक्स गर्मा गई है। चूंकि यह चुनाव दलगत नहीं होता है इसलिए भाजपा -कांग्रेस ने अपने -अपने समर्थित उम्मीदवार उतारे जाने की बात कही है। अत: दावेदार राजधानी में बड़े नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। भोपाल जिले में अब तक कुल 16 नामांकन जिला पंचायत सदस्य, फंदा और बैरसिया जनपद पंचायत के लिए करीब 40 और सरपंच पद के लिए करीब 156 नामांकन फार्म जमा हो चुके हैं।

6 तक भरे जाएंगे नामांकन पत्र
त्रिस्तरीय चुनाव के नाम निर्देशन पत्र 30 मई से 6 जून तक लिए और जमा किए जा सकेंगे। आज भी चुनाव को लेकर नामांकन फार्म जमा करने का काम जारी रहेगा। इसके बाद रविवार को अवकाश और सोमवार को नामांकन फार्म जमा करने का आखिरी दिन होगा। जिले में इस बार एक स्ट्रांग रूम के स्थान पर तीन स्ट्रांग रूम बनाए जा रहे हैं।

जिले में 222 ग्राम पंचायतों में होगा चुनाव
जिले में पहले चरण में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत आज से नामांकन भरने का सिलसिला जारी है। फंदा-बैरसिया जनपद की कुल 222 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। सरपंच और पंच पदों के लिए नामांकन फार्म लेने या जमा करने के लिए 32 जगह तय की गई है। जनपद के लिए एसडीएम आॅफिस में व्यवस्था है, जिपं सदस्य के नामांकन कलेक्ट्रेट से भरे जा रहे हैं।

3.17 लाख मतदाता करेंगे मतदान
भोपाल जिले की भोपाल में सवा 3 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। फंदा में 1 लाख 59 हजार 597 मतदाता है। यहां 96 ग्राम पंचायतें हैं। बैरसिया जनपद की 126 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 65 हजार 519 मतदाता है। इस तरह कुल मतदाता संख्या 3 लाख 25 हजार 106 हैं।

यह रहेगी चुनाव की प्रक्रिया
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 जून।
नामांकन पत्रों की जांच 7 जून को सुबह 10.30 बजे से होगी।
10 जून को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
10 जून को नाम वापसी के ठीक बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार कर उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *