15 दिन तक रोज 5 घंटे संगठन का काम करेंगे BJP के नेता, कार्यकर्ता

भोपाल
पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों का ऐलान किए जाने के बाद अब भाजपा एक बार फिर अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मोर्चा व प्रकोष्ठ के नेताओं को संपर्क अभियान में लगाएगी। इसके लिए इसी माह15 जून तक ये सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी प्रतिदिन पांच घंटे तक संगठन का काम करेंगे। इस तरह 75 घंटे का यह विशेष संपर्क अभियान चलाकर भाजपा पंचायत व नगर निकाय चुनाव के वोटरों का साधने का काम करेगी। 15 दिनों के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से मिलने व उनसे संवाद पर फोकस किया जाएगा। इसके लिए किसानों, महिलाओं, युवाओं को फोकस कर उनसे संपर्क किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि हर पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मोर्चा, प्रकोष्ठ संपर्क अभियान के माध्यम से 15 जून तक संगठन कार्य में जुटेंगे और किसान, महिला, युवा, योजनाओं के लाभार्थियों सहित समाज के सभी वर्गो से संपर्क करेंगे। संगठन के जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को दिए निर्देश में कहा गया है कि इन 15 दिनों में एससी, एसटी, अन्त्योदय वाले व्यक्ति तक पहुंचने का काम करना है। पदाधिकारियों और संगठन का यह संपर्क अभियान आगामी चुनाव में भाजपा की जीत की राह प्रशस्त करेगा। इसको लेकर संगठन और सरकार की ओर से मंत्रियों से भी कहा गया है कि वे जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और उनके जरिये जनता की समस्याओं की तह तक पहुंचेंगे। खासतौर पर योजनाओं के हितग्राहियों को साधने का काम करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पिछले कई संबोधनों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों को साधने और उनसे संपर्क करने का काम कर लिया तो निकाय चुनावों मेंं भाजपा को जीतने से कोई नहीं रोक सकता।

धार्मिक, सामाजिक, पर्यटन स्थल पर योग
संगठन ने यह भी तय किया है कि योग दिवस पर 21 जून को हर जिले के 75 स्थानों पर पार्टी एवं मोर्चा मिलकर सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। चूंकि पिछले दो सालों में कोरोना के कारण योग के सामूहिक कार्यक्रम नहीं हुए हैं। इसलिए संगठन ने कहा है कि अब इस बार सामाजिक, धार्मिक, पर्यटन स्थल पर योग के सामूहिक कार्यक्रम में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *