मुख्यमंत्री चौहान बच्चों के सुपोषित और शिक्षित भविष्य के लिए ठेला लेकर निकले

इंदौर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आँगनवाड़ी केन्द्र संस्कार का केन्द्र बनेंगे। मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को इंदौर स्थित लोधीपुरा की एक नम्बर गली से आँगनवाड़ी गोद लें अभियान के तहत ठेला लेकर निकले। इस दौरान उन्हें यहाँ की जनता द्वारा खुले हाथों से खिलौने के अलावा ऐसी सामग्री और उपहार भेंट किये गए, जिनको पाकर मुख्यमंत्री चौहान अभिभूत हो गए। यहाँ न सिर्फ सामग्री और खिलौने भेंट किये गए, बल्कि कई नागरिकों ने लाखों की राशि के चेक भी प्रदान किये। अडॉप्ट ऍन आँगनवाड़ी सुपोषित और शिक्षित भविष्य के लिए इस अभियान में छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी गुल्लक भी दान में दी। जब मुख्यमंत्री चौहान लोधीपुरा की गली नम्बर 1 में पहुँचे तो यहाँ ऐसा माहौल बना हुआ था, मानो कोई उत्सव हो। माता-बहनों ने अपने घरों के बाहर दान की जाने वाली सामग्रियों के स्टॉल बनाकर रखे थे। महिलाएँ सजधज कर इस पवित्र अभियान में पलक पावड़े बिछाकर बेसब्री से इंतजार में थीं।

लोधीपुरा की तंग गली से मुख्यमंत्री चौहान जब ठेला लेकर निकले, तो यहाँ की माता-बहनों ने 2-2 एवं 3-3 मंजिला गैलरी और खिड़कियों से खूब फूल बरसाए। गली में कोई हाथों में खिलौने तो कोई एलईडी, पंखे,  पुस्तकें, कपड़े, पानी की केन, टैडीबियर, हाथी-घोड़े तो कोई बैग दान करने के लिए निकल पड़े। इस अभियान में नागरिकों ने तरह-तरह के खिलौने और उपहार भेंट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री चौहान ने लोधीपुरा के नरसिंह बाजार से सीतला माता बाजार तक ठेला चलाकर सामग्री एकत्रित की। सीतला माता बाजार में बनाये गए मंच से मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं अभिभूत हूँ, एक आव्हान पर इतनी सामग्री आ गई। वास्तव में इंदौर अद्भुत शहर है। मुख्यमंत्री चौहान ने संबोधन के दौरान कहा कि आँगनवाड़ियों के कई बच्चे अंडरवेट हैं, वो कुपोषण के शिकार हैं। यह सिर्फ आँगनवाड़ी कार्यक्रताओं की जिम्मेदारी नहीं है, इसलिये समाज से आव्हान करने निकला हूँ। इंदौर की जनता से आव्हान है कि वह अपने जन्म-दिन या किसी खुशी के अवसर पर कुपोषित बच्चों को दूध, फल आदि भेंट करे। सक्षम जिले पिछड़े हुए जिलों को सामग्री भेंट करें।

जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक रमेश मेंदोला, महेन्द्र हार्डिया, आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक मनोज पटेल, जीतू जिराती, गौरव रणदिवे, कलेक्टर मनीष सिंह और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *