प्रदेश से राज्यसभा के तीनों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय

 भोपाल
मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कविता पाटीदार और सुमित्रा बाल्मिक ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित मंत्री और अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल किया था।

इन तीन प्रत्याशियों के अलावा किसी अन्य किसी प्रत्याशी द्वारा पर्चा दाखिल नहीं किया है। इसलिए तीनों प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि भाजपा से एमजे अकबर, सम्पतिया उइके और कांग्रेस के विवेक तन्खा का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री कविता पाटीदार ओबीसी वर्ग से आती हैं, जिला पंचायत इंदौर की अध्यक्ष रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री भेरूलाल पाटीदार की बेटी हैं। वहीं नगर निगम जबलपुर में तीन बार पार्षद रहीं सुमित्रा बाल्मिक अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। एक बार नगर निगम जबलपुर की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। प्रदेश में पहली बार भाजपा ने दोनों सीटें महिलाओं को दी हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार 31 मई नामांकन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख थी। हालांकि विधानसभा में दलीय स्थिति के अनुसार दो सीटें भाजपा और एक कांग्रेस को मिलना तय है। एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तीन जून तक नाम वापसी की तारीख है। वैसे मतदान के लिए निर्धारित तिथि 10 जून है। लेकिन निर्विरोध निर्वाचन के कारण मतदान की नौबत नहीं आएगी।

 

विधानसभा परिसर में मीडिया के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी ने अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता को मौका दिया है। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि कभी राज्यसभा में जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व का आभार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा ऐसा भाजपा में ही हो सकता है। ये जमीन से जुड़ी कार्यकर्ता हैं।

ग्यारह में दो महिला सदस्य होंगी- मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए कुल ग्यारह सीट में से अब सिर्फ दो महिला सदस्य होंगी। इससे पहले मप्र से राज्यसभा में मात्र सम्पतिया उइके ही एकमात्र महिला सदस्य थी।

मप्र में दलीय स्थिति-

कुल विधायक- 230

भाजपा-127

कांग्रेस-96

बसपा-दो

सपा-एक

अन्य -चार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *