पंजाबी गायक मूसेवाला के हत्यारे का है राजस्थान के इस लेडी डॉन से कनेक्शन, BCA करने वाली महिला पर कई केस हैं दर्ज

 नई दिल्ली
 
चर्चित पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद इस जघन्य हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर के राजस्थान कनेक्शन का खुलासा हुआ है। जी हां, सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के बाद कुख्यात गोल्डी बराड़ ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। बताया जाता है कि गोल्डी बराड़ इस वक्त कनाडा में है और विदेश में बैठकर वो अपराध की अपनी काली दुनिया को मॉनिटर कर रहा है। गोल्डी बराड़ का राजस्थान की दुर्दांत लेडी डॉन अनुराधा से भी कनेक्शन रहा है। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई के साथ जुड़ा गोल्डी बराड़ लेडी डॉन अनुराधा का कभी क्राइम पार्टनर भी रहा है।

कौन है अनुराधा
यहां बता दें कि अनुराधा मूल रूप से सीकर की रहने वाली है। बचपन से पढ़ाई-लिखाई में तेज अनुराधा ने बीसीए की डिग्री हासिल की थी। अनुराधा की शादी दीपक मिन्ज नाम के एक शख्स के साथ हुई थी। शादी के बाद इस कपल ने शेयर ट्रेडिंग का धंधा शुरू किया था। लेकिन धंधे में नुकसान होने के बाद अनुराधा और उसके पति भारी कर्ज में डूब गए। इसके बाद अनुराधा ने जुर्म की दुनिया में कदम रखा था। उसने अपने पति को भी छोड़ दिया।

आनंदपाल के साथ जुड़ा नाम
कहा जाता है कि पति को छोड़ने के बाद वो राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल की गर्लफ्रेंड बन गई। साल 2017 में पुलिस ने एक एनकाउंटर में आनंदपाल को मार गिराया था। इसके बाद अनुराधा ने लॉरेंस बिश्नोई की गैंग को ज्वाइन कर लिया। इसके बाद धीरे-धीरे उसका संपर्क काला जठेड़ी और गोल्डी के साथ हुआ। बताया जाता है कि गोल्डी के साथ मिलकर अनुराधा ने इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट तैयार किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *