जम्मू कश्मीर नैशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक भीम सिंह का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

जम्मू
 
जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और सीनियर लीडर भीम सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह जम्मू में अंतिम सांस ली। वह 80 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सुबह 8:45 पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। बीते कई महीनों से नेशनल पैंथर्स पार्टी के नेता बीमार चल रहे थे। भाजपा के नेता देवेंदर सिंह राणा ने भीम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'प्रोफेसर भीम सिंह जी के निधन से हमने एक बड़े नेता को खो दिया है, जिसने हमेशा जम्मू-कश्मीर के हर वर्ग के लोगों की आवाज उठाई थी। वह एक फायरब्रांड नेता थे, जो रामनगर एक सुदूर गांव से आते थे और उन्होंने दुनिया भर में अपनी पहचान कामय की।' अगस्त, 1941 को रामनगर में भीम सिंह का जन्म हुआ था और उन्होंने 1982 में पैंथर्स पार्टी की स्थापना की थी। वह करीब 30 सालों तक अध्यक्ष के पद पर रहे थे और 2012 में अपने भतीजे हर्ष देव सिंह को कमान सौंप दी थी।

हालांकि बीते साल एक बार फिर से वह सक्रिय राजनीति में लौटे थे और उन्हें पैंथर्स पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। खासतौर पर जम्मू क्षेत्र के लोगों की आवाज उठाने के लिए पैंथर्स पार्टी को जाना जाता रहा है। भीम सिंह के परिवार में अब उनकी पत्नी और बेटी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *