कांग्रेस से तन्खा ने भरा पर्चा, सामान्य वर्ग से भाजपा का दूसरा रास प्रत्याशी !
भोपाल
राज्य सभा सदस्य के रिक्त पदों के लिए एक नाम का ऐलान करने के बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सोमवार शाम तक दूसरे नाम का ऐलान कर सकता है। यह दूसरा नाम सामान्य वर्ग से हो सकता है। इसकी वजह पार्टी के सामान्य वर्ग के नेताओं की इस बात को लेकर सामने आ रही नाराजगी बताई जा रही है कि संगठन कभी आदिवासी तो कभी ओबीसी के नाम पर काम कर रहा है और सामान्य वर्ग के नेताओं की अनदेखी की जा रही है। भाजपा के दोनों ही उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिले के अंतिम दिन अपना नामांकन जमा करेंगे। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश के रिक्त दो पदों के लिए कल पहले उम्मीदवार के नाम का ऐलान कविता पाटीदार के रूप में किया है।
कविता जिला पंचायत इंदौर की पूर्व अध्यक्ष हैं और ओबीसी वर्ग से हैं। प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार को राज्यसभा सदस्य बनाए जाने के बाद अब दूसरे नाम का इंतजार प्रदेश नेतृत्व को है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जय भान सिंह पवैया, विनोद गोटिया, डॉ जितेंद्र जामदार के साथ केंद्रीय नेतृत्व अपने स्तर पर भी किसी नए नाम का ऐलान सामान्य वर्ग से कर सकता है। इसके साथ ही एससी वर्ग से लाल सिंह आर्य की भी दावेदारी है। साथ ही मुख्तार अब्बास नकवी के भी केंद्रीय कोटे से कैंडिडेट घोषित करने की संभावना है। यह स्थिति शाम को सूची जारी होने के बाद ही साफ होगी।
कांग्रेस से विवेक तन्खा ने भरा नामांकन
उधर कांग्रेस से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए गए विवेक तन्खा ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। तन्खा पीसीसी दफ्तर में पीसीसी चीफ कमलनाथ और अन्य नेताओं के साथ मुलाकात करने के बाद नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। इस मौके पर संगठन नेताओं की मौजूदगी रही। इसके पहले तन्खा ने अलग-अलग मुद्दों पर पत्रकारों से एक होटल में संवाद भी किया।
कविता के नामांकन में रहेंगे शिवराज, वीडी
प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार मंगलवार को दोपहर 12 बजे के करीब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन भरने जाएंगी। इसके साथ ही नए घोषित कैंडिडेट का नामांकन भी कल इसी समय होगा। पार्टी ने इसके लिए प्रस्तावक बनने वाले विधायकों व पदाधिकारियों को मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
