निगम के डिप्टी कमिशनर पर दहेज मांगने और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना का आरोप, FIR दर्ज

ग्वालियर
 

ग्वालियर नगर निगम के डिप्टी कमिशनर अतिबल सिंह यादव सहित उनके परिवार पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट व धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। यह FIR उनकी छोटी बहू रेखा की शिकायत पर की गई है। उपायुक्त की छोटी बहू ने उन पर उनके बेटों, पत्नी व बड़ी बहू पर 20 लाख रुपए मायके से लाने और नहीं ला पाने की स्थिति में लौटकर नहीं आने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मांग पूरी नहीं करने पर भूखे रखना, घर की बिजली बंद कर कहीं चले जाना आदि तरह से प्रताड़ना की शिकायत की है। पुलिस ने रविवार रात को नगर निगम उपायुक्त व उनके दो बेटों, बड़ी बहू व पत्नी पर मामला दर्ज किया है। अतिबल सिंह यादव का नाम व्यापमं कांड में भी चर्चित रहा था। तब वह फरार भी रहे थे।

यह है पूरा मामला
– शहर के थाटीपुर निवासी 29 वर्षीय रेखा यादव की शादी 30 जून 2020 को नगर निगम उपायुक्त अतिबल सिंह यादव के बेटे अरुण यादव के साथ हुई थी। शादी का कार्यक्रम होटल शेल्टर में हुआ था। रेखा का कहना है कि उसके पिता ने सगाई पर 10 लाख रुपए फिर शादी में 15 लाख रुपए नकद, क्रेटा कार, अरुण को सोने का ब्रेसलेट व अन्य गहने व पूरे परिवार को सोने की अंगुठियां सहित करीब 90 लाख रुपए खर्च किए थे, लेकिन जब वह ससुराल पहुंची तो कुछ दिन बाद ही उसे कम दहेज लाने के कमेंट सुनने को मिले। ससुर अतिबल यादव, पति अरुण यादव, सास सुमन यादव, जेठ वरुण यादव, जेठानी गौरी दहेज न लाने के उलाहना देते थे। उनका कहना था कि 20 लाख रुपए मायके से लेकर आए तभी उसे अच्छी तरह से रखेंगे। जब मांग पूरी नहीं हुई तो 18 अगस्त 2021 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके में रही, लगा कुछ समय में सब ठीक हो जाएगा। फरवरी 2022 को वह वापस ससुराल पहुंची, लेकिन सभी ने मिलकर फिर प्रताड़ित किया। उसे छोड़कर तीन-चार दिन के लिए बाहर चले गए और बिजली कटवा गए खाने के लिए कुछ नहीं देते थे। इसके बाद फिर रेखा को घर से निकाल दिया। जिससे परेशान होकर उसने महिला थाने में मामले की शिकायत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *