दो बड़े कारोबारियों के यहां सेंट्रल जीएसटी का छापा

बिलासपुर। बिलासपुर के दो बड़े कारोबारियों के यहां सेंट्रल जीएसटी की टीम ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि मर्चेंट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व तेल कारोबारी देवीदास वाधवानी के खिलाफ नकली तेल का फर्जी बिल सहित टैक्स चोरी करने के अन्य मामलों की शिकायत की गई थी। ऐसे ही प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी भारत होजियरी के संचालक पर भी टैक्स चोरी करने का आरोप है। टीम शुक्रवार दोपहर से लेकर देर रात तक यहां आय-व्यय के दस्तावेजों की जांच करती रही।

मर्चेंट ऐसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व व्यापार विहार के कारोबारी देवीदास वाधवानी की फर्म वाधवानी ट्रेडर्स में शुक्रवार दोपहर सेंट्रल जीएसटी रायपुर की चार सदस्यीय टीम छापेमारी करने पहुंची। टीम की अगुवाई सुप्रिटेंडेंट अरुण कुमार कर रहे थे। यहां उन्होंने फर्म के संचालक देवीदास वाधवानी से स्टॉक और बिल की जानकारी ली। इस दौरान टीम के सदस्य दोपहर से लेकर देर रात फर्म के आय-व्यय सहित अन्य दस्तावेजों की जानकारी जुटाती रही। हालांकि जांच में शामिल अधिकारी छापे की जानकारी देने से बचने की कोशिश करते रहे।

सेंट्रल जीएसटी की दूसरी टीम पुराना बस स्टैंड करबला रोड स्थित भारत होजियरी भी पहुंची थी। यहां भी टीम ने फर्म के आय-व्यय और स्टॉक की जानकारी ली और टैक्स सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की।जानकारी मिली है कि यहां भी टैक्स चोरी की आशंका को लेकर टीम ने छापे की कार्रवाई की है।
फर्म संचालकों से लेनदेन के आय-व्यय और स्टॉक के साथ ही टैक्स के दस्तावेजों की जांच की गई है लेकिन गड़बडिय़ों के बारे में अधिकारियों ने अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *