मुख्यमंत्री चौहान ने स्कूल शिक्षा विभाग को दी बधाई

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे-2021 में मध्यप्रदेश को प्रारंभिक कक्षाओं (कक्षा पहली से आठवीं) की शैक्षिक उपलब्धियों में देश में 5वें स्थान पर आने पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी का हार्दिक अभिनंदन किया है।

स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति-पथ पर अग्रसर रहते हुए प्रदेश नित नए शैक्षिक आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उनके अभिभावकों की उपलब्धि बताया है।

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे की तैयारियों के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने स्कूल शिक्षा विभाग को प्रथम 10 राज्यों में स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे और सभी शिक्षकों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का आह्वान किया था। स्कूल शिक्षा विभाग और शिक्षकों ने कोविड की विषम परिस्थितियों में भी कठिन परिश्रम से सार्थक कर दिखाया है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे गत 12 नवंबर 2021 को आयोजित किया गया था। देश में समग्र रूप से प्रदेश ने 5वाँ स्थान प्राप्त किया है।

 स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में यह सर्वे भारत सरकार द्वारा प्रति 3 वर्ष में करवाया जाता है। पूरे देश में सैंपल आधार पर कक्षा तीसरी, पाँचवी, आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों को परखा जाता है। यह सर्वे एनसीईआरटी और सीबीएसई के द्वारा करवाया गया है। स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता का आंकलन कर इसके आधार पर स्कूली शिक्षा के लिए नीतियों एवं सुधारात्मक प्रक्रिया का निर्धारण किया जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *