आंगनवाड़ी सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, समाज भी आगे आए: CM
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आंगनवाड़ी केवल सरकार की जवाबदारी नहीं है। सरकार संसाधन जुटा रही है, पोषण आहार भेज रही है लेकिन समाज की भी कोई जवाबदारी है। मेरी आपकी अपने बच्चों के प्रति कोई जवाबदारी नहीं है क्या और इसलिए हमने सोचा कि आंगनवाड़ी केवल सरकार न चलाए। सरकार के साथ समाज को भी जोड़ा जाए, इसलिए हमने आंगनवाड़ी गोद लें अभियान प्रारंभ किया।
प्रदेश के लोगों को दिए संदेश में सीएम चौहान ने कहा कि कई लोगों ने आंगनवाड़ी गोद ली लेकिन केवल कुछ व्यक्ति ही आंगनवाड़ी गोद क्यों लें। सभी लोग आंगनवाड़ी से जुड़ें। आंगनवाड़ी में संपूर्ण पोषण आहार मिले, शिक्षा देने की व्यवस्था ठीक हो, खेलकूद की व्यवस्था की जाए। इसके लिए मैं तो हाथ ठेला लेकर निकला था लेकिन खिलौनों से ट्रक भर गए। अनेक प्रकार की सामग्री आ गई, लाखों रुपए के चेक और कमिटमेंट आ गए। इससे मेरा उत्साह और बढ़ गया। इसलिए समाज को आंगनवाडी से जोड़ने का अभियान अब एक सामाजिक आंदोलन बन रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के लोगों से विनम्र अपील करते हैं कि इस अभियान से जुड़िए, आंदोलन से जुड़िए, आप आंगनवाड़ी की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग कर सकते हैं। किसान हैं तो अनाज दे दीजिए, व्यापारी हैं तो सामग्री दीजिए, उद्योगपति, सामाजिक कर्मचारी, अधिकारी अन्य काम में लगे व्यक्ति हैं तो जो आपका सामर्थ्य हो, उस क्षमता से आंगनवाड़ी में कुछ न कुछ जरूर दें।
आप आपका जन्मदिन आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ मनाएं। आप न जाएं तो वहां दूध, फल, पोषण समग्री भिजवा दें। माता -पिता की पुण्यस्मृति में आप आंगनवाड़ी में भोजन करा सकते हैं। बच्चों के जन्मदिन पर आप आंगनवाड़ी में सामग्री भेंट कर सकते है। इसलिए मैं भावुक अपील कर रहा हूँ कि आंगनवाड़ी से जुड़िए मतलब अपने बच्चों से जुड़िए, अपने देश के भविष्य से जुड़िए। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने शहर, गांव में आंगनवाड़ी के लिए सामान एकत्रित करने के लिए निकलें और आंगनवाड़ी में सामग्री भेंट करें। जब मैं हाथ ठेला लेकर निकल सकता हूँ तब आप भी तो निकल सकते हैं।
