आँगनवाड़ी के बच्चों ने पर्यावरण रक्षा के लिए बनाए सीड बॉल्स

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के प्रतिभा फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण रक्षा के लिए भेल क्षेत्र में आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के माध्यम से सीड बॉल बनाने के कार्य की सराहना की है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पर्यावरण की सेवा वर्तमान समय में धरती के साथ मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। मुख्यमंत्री चौहान ने फाउंडेशन को उत्कृष्ट कार्यों एवं उनके प्रयासों में सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को आँगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौने और आवश्यक सामग्री एकत्रित करने अशोका गार्डन क्षेत्र से अभियान प्रारंभ किया था। अभियान के दौरान प्रतिभा फाउंडेशन ने गोद लिए गए आँगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों द्वारा तैयार सीताफल के सौ सीड बॉल भेंट किए थे। सीड बॉल जैविक खाद और मिट्टी के साथ तैयार किये जाते हैं, जो वर्षा काल में आसानी से जमीन में लग जाती हैं और विभिन्न प्रजातियों के फल-फूल के पौधे पनप जाते हैं। घरों के गमलों और क्यारियों में भी इन्हें लगाया जा सकता है। मुनगा, बेर, जामुन, नींबू, अनार, इमली, सीताफल आदि के बीज के साथ सीड बॉल तैयार किए जाते हैं। फाउंडेशन ने 10 हजार सीड बॉल बनाने का लक्ष्य रखा है। इनके विक्रय से प्राप्त आय भी आँगनवाड़ी के बच्चों के कल्याण में खर्च की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *