जेईई मेन का पहला चरण 20 से 29 जून के बीच
इंदौर
अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन का पहला चरण 20 से 29 जून के बीच होगा। इस समय विद्यार्थी इसकी तैयारी में व्यस्त हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले 2.5 लाख विद्यार्थियों को जेईई एडवांस परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। एडवांस परीक्षा में सफल होने के बाद ही विद्यार्थियों को आइआइटी में प्रवेश मिलता है। इंदौर शहर से जेईई मेन में 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होने की उम्मीद है।
परीक्षा के विशेषज्ञों का कहना है कि अब तैयारी में समय कम बचा है। ऐसे में विद्यार्थियों को अब बहुत ज्यादा पढ़ने के बजाए प्रमुख विषयों पर ध्यान देना चाहिए। ज्यादातर विषयों ने विभिन्न सेक्शन को समझ लिया होगा अब वे इसका रिविजन कर रहे होंगे। इसके लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स तीनों विषयों के लिए समय निर्धारित कर दें। रात में देर तक तैयारी करने के बजाए विद्यार्थी सुबह उठकर पढ़ाई करें। परीक्षा के विशेषज्ञ डा. जीएस ठकराल का कहना है कि आइआइटी में प्रवेश लेना विद्यार्थियों का सपना होता है। इसके लिए कई विद्यार्थी रोजाना 18 घंटे से ज्यादा पढ़ाई करते हैं। ऐसे में कई बार दिनचर्या को व्यवस्थित बनाने पर वे ध्यान नहीं दे पाते।
