आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए सोसायटियो में हो खाद बीज की उपलब्धता-कलेक्टर

बेमेतरा
कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान ने आज मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार लंबित आवेदनों के बारे में जानकारी ली। उन्होने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने तहसील अनुविभाग के अन्तर्गत राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्र कर लेवें। इनमें अविवादित नामंतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती के प्रकरण, नवीन राशनकार्ड का निर्माण आदि के प्रकरण शामिल है। इसके अलावा जिलाधीश ने राजीव गांधी युवा मितान क्लब के संबंध मे जानकारी ली।

जिलाधीश ने कृषि विभाग के अधिकारी से सोसायटी में खाद बीज की उपलब्धता, गौठानों मे बाड़ी विकास के तहत फेंसिंग एवं पानी की व्यवस्था, वर्मी खाद के उत्पादन के संबंध में, गोबर खरीदी के संबंध में तथा वर्मी खाद की बिक्री, टाका व केंचुआ उत्पादन यूनिट की पर्याप्त मात्रा की जानकारी ली एवं गौठानों में तेल एवं दाल प्रसंस्करण ईकाई स्थापना के प्रगति की समीक्षा की। उन्होने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि हमारे बनाये गये योजना के अनुरुप गोबर की खरीदी विकासखण्डवार जनपद पंचायतों के साथ समन्वय कर करें और इसकी जानकारी प्रत्येक सप्ताह उपलब्ध करावें। स्वास्थ्य विभाग से मुख्यमंत्री हाटबाजार क्लिनिक योजना के अन्तर्गत चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता आदि से संबंधित एवं म.बा.वि. अधिकारी से आंगनबाड़ी केन्द्रों में रनिंग वाटर, रेडी-टू-ईट, गर्म भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि आवेदन जो आम जनता के द्वारा मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर शिकायत शाखा, केन्द्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निवारण प्रणाली (सीपी ग्राम्स), जन शिकायत पीजीएन एवं लोक सेवा गारंटी आदि के माध्यम से प्राप्त हुए प्रकरणों का समय पर निवारण करें। उन्होंने राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी से मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता व स्कूल भवन की जर्जरता से संबंधित एवं आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल निर्माण की प्रगति, शिक्षकों की भर्ती, छात्रों की भर्ती के संबंध में जानकारी ली साथ ही खाद्य विभाग से पीडीएस दुकान का संचालन, राईश मिलर्स के द्वारा धान उठाव की जानकारी ली। उन्होने विभिन्न विभाग के अधिकारियों से अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की जानकारी, आर बीसी 6-4 के प्रकरणों के भुगतान के संबंध में जानकारी ली। बैठक मे अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेमेतरा दुर्गेश कुमार वर्मा, नवागढ़ प्रवीण तिवारी, साजा धनराज मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हीरा गवर्ना, सभी तहसीलदार, नगरीय निकाय के सीएमओ एवं जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *