IPL का पहला फाइनलिस्ट आज चुना जायेगा

 कोलकाता

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ग्रुप स्टेज के सभी 70 मैच खत्म हो चुके हैं. प्लेऑफ की चार टीमें भी तय हो चुकी हैं. इसमें आईपीएल की नई टीम हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स (GT) ने पहले और संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) ने दूसरे नंबर पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया.

ऐसे में इन दोनों टीमों गुजरात और राजस्थान के बीच ही क्वालिफायर-1 भी खेला जाएगा. यह मैच आज (24 मई) शाम 7.30 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. यह मुकाबला जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी. जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा. गुजरात और राजस्थान के बीच यह दूसरा मैच होगा. पिछले मुकाबले में गुजरात टीम ने 37 रन से जीत दर्ज की थी.

क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को फाइनल के लिए क्वालिफायर-2 खेलना होगा. यह मैच एलिमिनेटर मुकाबला जीतने वाली टीम के साथ होगा. एलिमिनेटर मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ही खेला जाएगा.

राजस्थान के पास दूसरा खिताब जीतने का मौका

टॉप-2 में रहने के कारण राजस्थान टीम को दो मौके मिलेंगे. ऐसे में इस बार राजस्थान रॉयल्स टीम के पास दूसरी बार खिताब जीतने का मौका रहेगा. इससे पहले राजस्थान टीम ने आईपीएल का पहला ही सीजन अपने नाम किया था. दरअसल, आईपीएल की शुरुआत 2008 से हुई थी और उसके पहले सीजन में राजस्थान टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को हराकर खिताब जीता था.

इस बार आईपीएल को मिल सकता है नया चैम्पियन

यदि राजस्थान टीम प्लेऑफ में बाहर होती है, तो इस बार आईपीएल को एक नया चैम्पियन मिलना तय हो जाएगा. दरअसल, गुजरात और लखनऊ इस टूर्नामेंट की नई टीमें हैं. यह उनका पहला ही सीजन है. जबकि विराट कोहली की आरसीबी टीम ने अब तक खिताब नहीं जीता है. ऐसे में राजस्थान के बाहर होते ही नया चैम्पियन मिलना तय हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *